बक्सर में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था पर प्रशासन सख्त

जिले में घरेलू एवं वाणिज्यिक एलपीजी गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रहा है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि बक्सर जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की कुल 27 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। इनमें आईओसीएल की 13, बीपीसीएल की 6 तथा एचपीसीएल की 8 एजेंसियां शामिल हैं।

बक्सर में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था पर प्रशासन सख्त

--कालाबाजारी रोकने को छापेमारी तेज, 1294 शिकायतों का हुआ निष्पादन

केटी न्यूज/बक्सर

जिले में घरेलू एवं वाणिज्यिक एलपीजी गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रहा है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि बक्सर जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की कुल 27 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। इनमें आईओसीएल की 13, बीपीसीएल की 6 तथा एचपीसीएल की 8 एजेंसियां शामिल हैं।जिले में घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं की संख्या 3 लाख 50 हजार से अधिक है। इनमें आईओसीएल के 2,02,360, बीपीसीएल के 57,517 तथा एचपीसीएल के 90,668 उपभोक्ता शामिल हैं। 13 मार्च 2026 से 9 मई 2026 तक कुल 2,63,217 गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका है, जबकि 9 मई तक एजेंसियों के पास 5,089 सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध था।

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार जिले में प्रतिदिन औसतन 6,419 सिलेंडरों की मांग है, जबकि 5,570 सिलेंडरों की आपूर्ति हो रही है। फिलहाल 27,735 रिफिल बुकिंग लंबित हैं और बैकलॉग 4.8 दिनों का है। आपूर्ति व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए शहरी उपभोक्ताओं को अंतिम डिलीवरी के 25 दिन बाद तथा ग्रामीण उपभोक्ताओं को 45 दिन बाद ही नई बुकिंग की अनुमति दी गई है।एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए सभी गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। वरीय अधिकारियों द्वारा लगातार गैस एजेंसियों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। अब तक कालाबाजारी के मामले में बक्सर सदर अनुमंडल में दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।

आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। अब तक कुल 1,294 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका निष्पादन कर दिया गया है। एलपीजी आपूर्ति संबंधी समस्या के लिए लोग दूरभाष संख्या 06183-223333 पर संपर्क कर सकते हैं।वहीं वैवाहिक एवं श्राद्ध कार्यक्रमों के लिए वाणिज्यिक गैस उपलब्ध कराने की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके तहत बक्सर अनुमंडल में 647 तथा डुमरांव अनुमंडल में 515 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिलाधिकारी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों और ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों को लगातार आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।