__ जिलाधिकारी साहिला ने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, सफाई से लेकर रोशनी, चिकित्सा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने का आदेश

केटी न्यूज/बक्सर।
दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, यातायात और छठ घाटों पर सुरक्षा इंतजामों की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।बैठक में छठ घाटों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खतरनाक और अधिक गहराई वाले घाटों को चिह्नित करने, वहां बैरिकेडिंग कराने तथा पर्याप्त संख्या में गोताखोरों और नावों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए घाटों पर नियंत्रण कक्ष, चिकित्सा सुविधा और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।जिलाधिकारी ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई कराने, घाटों की सफाई, पहुंच पथों की मरम्मत तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति के साथ जर्जर एवं खुले तारों की जांच कर तत्काल सुधार कराने का निर्देश दिया।वहीं, भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखने और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की हिदायत देते हुए कहा कि जनसुरक्षा और विधि-व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जिला प्रशासन ने आम लोगों से दीपावली और छठ को प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाने तथा प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।