__ फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज,दूसरे दिन भी गांव में होते रही घटना पर चर्चा
__ दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए मारपीट और घर में घुसकर हमला करने के आरोप, घटनास्थल से तीन खोखे बरामद; तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस कर रही कैंप
केटी न्यूज/डुमरांव।
नया भोजपुर थाना क्षेत्र के चिलहरी गांव में आपसी रंजिश और वर्चस्व को लेकर शुरू हुआ विवाद गोलीबारी तक पहुंच गया। दो पक्षों के बीच बढ़ते तनाव ने गांव का माहौल बिगाड़ दिया। घटना के बाद दोनों ओर से एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और फायरिंग के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक पक्ष के एक प्राथमिक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए गए हैं। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस लगातार कैंप कर रही है।मामले की शुरुआत शाम में दो पक्षों के बीच हुए विवाद से हुई। पहले पक्ष के कुमार सौरभ उर्फ विक्की सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह अपनी बेटी को इलाज के लिए चारपहिया वाहन से लेकर जा रहे थे।

इसी दौरान रास्ते में निलेश कुमार सिंह उर्फ खखनु और अंकुर राय बाइक लगाकर खड़े थे। रास्ता खाली कराने की बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। विक्की का आरोप है कि कुछ घंटे बाद निलेश करीब 20 लोगों के साथ उनके दरवाजे पर पहुंचा और फायरिंग करने लगा। इस मामले में निलेश, अंकुर राय, अनिकेत कुमार सिंह समेत दस नामजद और 20 से 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है।उधर, दूसरे पक्ष की शैल कुमारी ने भी पुलिस को आवेदन देकर अलग कहानी बयां की है। उनका कहना है कि शाम करीब सात बजे वह घर में अकेली थीं। इसी दौरान करीब दस लोग उनके दरवाजे पर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे।

आरोप है कि विक्की सिंह समेत पांच लोग घर में घुस आए और उनके साथ दुर्व्यवहार किया। महिला ने बताया कि उनके पुत्र निलेश और विक्की के बीच शाम में हुए विवाद के साथ दोनों परिवारों के बीच पुरानी रंजिश भी इस घटना की वजह है।थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदनों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। एक पक्ष के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस गोलीबारी में शामिल अन्य आरोपितों और हथियार की तलाश में छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी जारी है। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।