सिकरौल में भारी मात्रा में शराब के साथ हथियारों का जखीरा बरामद, एक चिन्हित, छापेमारी तेज

अनुमंडल की सिकरौल थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना पर भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ तीन आग्नेयास्त्र व सात कारतूस बरामद किए है। पुलिस ने शराब व हथियारों के एक सौदागर की शिनाख्त कर ली है तथा उसके खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर, गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

सिकरौल में भारी मात्रा में शराब के साथ हथियारों का जखीरा बरामद, एक चिन्हित, छापेमारी तेज

-- एसडीपीओ ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी, शराब बिक्री की सूचना पर छापेमारी करने गई थी पुलिस

-- फर्नीचर व मछली पालन के आड़ में चल रहा था तस्करी का खेल, 1311 लीटर शराब, तीन आग्नेयास्त्र व सात कारतूस बरामद

केटी न्यूज/डुमरांव

अनुमंडल की सिकरौल थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना पर भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ तीन आग्नेयास्त्र व सात कारतूस बरामद किए है। पुलिस ने शराब व हथियारों के एक सौदागर की शिनाख्त कर ली है तथा उसके खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर, गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।रविवार को डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने प्रेस वार्ता आयोजित कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शनिवार को सिकरौल थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि निहालपुर गांव में एक तस्कर फर्नीचर की दुकान व मछली पालन की आड़ में शराब की तस्करी कर रहा है।थानाध्यक्ष ने इसकी सूचना एसपी शुभम आर्य को दी। एसपी ने तत्काल डुमरांव एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम गठित कर तत्काल छापेमारी करने का निर्देश दिया। 

-- छापेमारी के दौरान शराब की खेप के साथ मिला हथियारों का जखीरा

पुलिस टीम ने जब वहां दबिश दी तो निहालपुर पोखरे के समीप बनी झोपड़ी से एक युवक निकलकर भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने जब झोपड़ी की तलाशी ली तो उसके अंदर से 1311 लीटर विदेशी शराब, एक-एक दोनाली व एकनाली देशी कट्टा तथा एक देशी रायफल समेत कुल तीन आग्नेयास्त्र व सात कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने पहाड़पुर गांव निवासी तस्कर सह हथियारों के कारोबारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया है। एसडीपीओ ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। छापेमारी में एसडीपीओ पोलस्त के साथ ही सिकरौल थानाध्यक्ष अंकुश कुमार मंडल, सिकरौल थाने के एसआई मिंटू कुमार, एएसआई कृष्णा प्रसा, हवलदार रमेश प्रसाद यादव समेत सशस्त्र बल शामिल थे।

-- कही बड़े अपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए तो नहीं इकट्ठा किए गए थे हथियार 

शराब की खेप के साथ हथियारों का जखीरा बरामद होने के बाद इस बात के कायास लगाए जा रहे है कि कही किसी बड़ी अपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए तो अपराधियों द्वारा हथियारों का जखीरा इकट्ठा किया गया था। वहीं, आशंका यह भी जताई जा रही है कि शराब तस्कर द्वारा अपने धंधे में धौंस जमाने के लिए भी हथियारों का जखीरा अपने पास रखा गया होगा।हालांकि, पुलिस अभी बरामद हथियार के संबंध में विशेष जानकारी नहीं दे सकी है। एसडीपीओ ने बताया कि इसकी सूक्ष्मता से जांच की जा रही है कि आखिर किस मंशा से हथियार की खेप वहां रखी गई थी। उन्होंने कहा कि चिन्हित अपराधी की गिरफ्तारी के बाद ही इससे पर्दा उठ सकता है कि हथियारों का जखीरा किस उदेश्य से इकट्ठा किया गया है। 

-- एसडीपीओ ने दिए अपराधियों को सख्त संदेश

प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ पोलस्त ने कहा कि होली के मद्देनजर पुलिस ऐक्टिव मोड में है। उन्होंने कहा कि अनुमंडल के सभी थाना क्षेत्रों में शराब तस्करी के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि होली के दौरान तस्करी करने वाले तथा उपद्रव फैलाने वालो की खैर नहीं होगी, बल्कि उनकी होली सलाखो के पीछे कटेगी। एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस का यह विशेष अभियान होली तक जारी रहेगा।