शादी की खुशियों में गोलियों की गूंज, पुलिस की दबिश में 6 सलाखों के पीछे
बगेनगोला थाना क्षेत्र के भादा गांव में शादी की खुशियां उस वक्त दहशत में बदल गईं, जब नाच कार्यक्रम के दौरान कुछ युवकों ने अवैध हथियार लहराते हुए हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से समारोह स्थल पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए मौके से छह युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से दो देशी कट्टा, जिंदा व मिस फायर कारतूस और तीन मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं।
-- भादा गांव में हर्ष फायरिंग पर ताबड़तोड़ छापेमारी, दो देशी कट्टा, कारतूस और बाइक जब्त, एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
केटी न्यूज/ब्रह्मपुर
बगेनगोला थाना क्षेत्र के भादा गांव में शादी की खुशियां उस वक्त दहशत में बदल गईं, जब नाच कार्यक्रम के दौरान कुछ युवकों ने अवैध हथियार लहराते हुए हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से समारोह स्थल पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए मौके से छह युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से दो देशी कट्टा, जिंदा व मिस फायर कारतूस और तीन मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं।घटना 25 फरवरी की है। बताया जाता है कि रामेश्वर साह की बेटी के विवाह समारोह में देर रात नाच कार्यक्रम चल रहा था।

इसी दौरान कुछ युवक हथियार के साथ पहुंचे और हर्ष फायरिंग करने लगे। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल बगेनगोला थाना को दी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर डुमरांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और तत्काल छापेमारी की गई।पुलिस की दबिश से समारोह स्थल पर हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान घटनास्थल से संदेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर धीरज पांडेय, सोनू यादव, विंध्याचल कुमार, विकास कुमार और रजनीश कुमार को भी धर दबोचा गया।

सभी पर अवैध हथियार रखने और सार्वजनिक समारोह में फायरिंग करने का आरोप है।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक मिस फायर कारतूस बरामद किया। साथ ही तीन मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं, जिनका उपयोग आरोपियों द्वारा समारोह स्थल तक आने-जाने में किया गया था। बरामद हथियारों की जांच की जा रही है कि उनका आपराधिक इतिहास से कोई संबंध तो नहीं है।इस मामले में बगेनगोला थाना कांड संख्या 12/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 109/3(5) तथा आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ कर यह भी पता लगाया जा रहा है कि हथियार कहां से लाए गए और क्या इससे पहले भी इस तरह की घटनाओं में उनकी संलिप्तता रही है।एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक आयोजनों में हर्ष फायरिंग करना कानूनन अपराध है और इससे लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि शादी या अन्य समारोह के नाम पर हथियारों का प्रदर्शन और फायरिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने भी सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि शादी-विवाह और अन्य सार्वजनिक आयोजनों पर विशेष नजर रखी जाए। हर्ष फायरिंग या अवैध हथियार के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।लगातार हो रही कार्रवाई से यह साफ संदेश गया है कि कानून तोड़ने वालों के लिए अब कोई राहत नहीं है। शादी की खुशियों में गोलियों की गूंज बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और जो भी कानून हाथ में लेगा, उसे सलाखों के पीछे जाना ही होगा।
