बंद बोरिंग से मिला दो दिन से लापता मजदूर का शव, हत्या के आरोप में सड़क जाम; एक गिरफ्तार

बगेन गोला थाना क्षेत्र के एकरासी गांव में दो दिन से लापता एक मजदूर का शव बंद पड़े बोरिंग से बरामद होने के बाद सोमवार को इलाके में सनसनी फैल गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए बगेन चौक के पास मुख्य सड़क को करीब डेढ़ घंटे तक जाम कर दिया।

बंद बोरिंग से मिला दो दिन से लापता मजदूर का शव, हत्या के आरोप में सड़क जाम; एक गिरफ्तार

__ बगेन गोला थाना क्षेत्र के एकरासी गांव की घटना, दो दिन पहले मजदूरी पर निकला था मृतक; दुर्गंध से परिजनों को मिला सुराग, जांघ पर मिले जले के निशान

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर

बगेन गोला थाना क्षेत्र के एकरासी गांव में दो दिन से लापता एक मजदूर का शव बंद पड़े बोरिंग से बरामद होने के बाद सोमवार को इलाके में सनसनी फैल गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए बगेन चौक के पास मुख्य सड़क को करीब डेढ़ घंटे तक जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया और मृतक की पत्नी के बयान पर नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।मृतक की पहचान एकरासी गांव निवासी 40 वर्षीय प्रवेश मुसहर, पिता प्रेमा मुसहर के रूप में हुई है। वह गांव के ही मनन चौधरी के यहां मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार प्रवेश दो दिन पहले मजदूरी के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।

सोमवार की सुबह परिजन उसकी तलाश करते हुए मनन चौधरी के बधार स्थित बंद पड़े बोरिंग के पास पहुंचे। वहां से तेज दुर्गंध आने पर उन्हें शक हुआ। बोरिंग का दरवाजा बाहर से बंद था। परिजनों ने ताला तोड़कर अंदर देखा तो प्रवेश का शव पड़ा मिला। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।शव मिलने के बाद परिजनों ने मनन चौधरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह जबरन मजदूरी करा रहा था। विरोध करने पर बिजली का करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी गई। परिजनों का यह भी दावा है कि मृतक की जांघ पर जले के निशान मिले हैं, जिससे उनकी आशंका और गहरा गई। घटना के विरोध में आक्रोशित लोगों ने बगेन चौक के समीप मुख्य सड़क जाम कर दी, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बगेन गोला थाना पुलिस के साथ मुरार और ब्रह्मपुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बाद में वरीय अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच तथा त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे बाद लोगों ने जाम समाप्त किया।पुलिस ने मृतक की पत्नी सीता देवी के बयान पर मनन चौधरी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करते हुए उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।हालांकि, मामले में एक दूसरा पहलू भी सामने आ रहा है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि खेत में काम करने के दौरान प्रवेश बोरिंग में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि घटना के बाद घबराहट में आरोपित ने शव को बोरिंग के अंदर छोड़कर बाहर से ताला बंद कर दिया, ताकि घटना की जानकारी किसी को न मिल सके।

वहीं, परिजन लगातार दो दिनों तक उसकी तलाश करते रहे और अंततः दुर्गंध आने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि बगेन गोला थाना क्षेत्र में एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पत्नी के बयान पर एक नामजद आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य तथा अन्य तकनीकी पहलुओं के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।