सुनीता हत्याकांड में दर्ज हुआ एफआईआर, गांव में अफवाहों का बाजार गर्म
चक्की के चुन्नी डेरा गांव में बोरे में बंद मिली 18 वर्षीय सुनीता कुमारी की लाश ने पूरे चक्की थाना क्षेत्र को झकझोर दिया है। घटना के दूसरे दिन रविवार को मृतका की मां फूलकुमारी देवी ने चक्की थाना में अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई। आवेदन में पुत्री के अपहरण के बाद हत्या की आशंका जताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है, लेकिन मौत के कारणों को लेकर अब भी सस्पेंस बरकरार है।
-- पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, लापता होने के बाद तलाश पर उठे सवाल, पुलिस बोली जल्द होगा चौंकाने वाला खुलासा
केटी न्यूज/चक्की
चक्की के चुन्नी डेरा गांव में बोरे में बंद मिली 18 वर्षीय सुनीता कुमारी की लाश ने पूरे चक्की थाना क्षेत्र को झकझोर दिया है। घटना के दूसरे दिन रविवार को मृतका की मां फूलकुमारी देवी ने चक्की थाना में अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई। आवेदन में पुत्री के अपहरण के बाद हत्या की आशंका जताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है, लेकिन मौत के कारणों को लेकर अब भी सस्पेंस बरकरार है।गौरतलब है कि सुनीता सोमवार को घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी।

शनिवार की सुबह प्राथमिक विद्यालय, चुन्नी डेरा के समीप उसका शव एक बोरे में कसकर बंद अवस्था में मिला।बोरे को खर-पतवार से ढक दिया गया था और शव काफी हद तक सड़ चुका था। दुर्गंध फैलने पर विद्यालय के शिक्षकों ने ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।घटना के दूसरे दिन भी चक्की और आसपास के गांवों में इसी वारदात की चर्चा होती रही। चौक-चौराहों से लेकर घरों तक लोग अलग-अलग कयास लगा रहे हैं। ग्रामीणों के बीच यह सवाल भी बार-बार उठ रहा है कि युवती के लापता होने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश या गुमशुदगी दर्ज कराने में तत्परता क्यों नहीं दिखाई।

हालांकि परिजनों का कहना है कि वे सदमे में थे और अपने स्तर पर खोजबीन कर रहे थे।पुलिस सूत्रों का कहना है कि जांच केवल पारिवारिक आशंकाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्य संभावित बिंदुओं पर भी गहराई से पड़ताल की जा रही है। कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और युवती के हालिया संपर्कों की भी जांच हो रही है। सूत्रों के मुताबिक, कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और बहुत जल्द मामले का खुलासा किया जा सकता है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि यह मामला सतही तौर पर जितना सीधा दिख रहा है, हकीकत उससे कहीं अधिक पेचीदा हो सकती है।

थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।इधर, गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। परिजन दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस की अगली कार्रवाई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर अब सबकी नजर टिकी है, क्योंकि इन्हीं से इस रहस्यमय हत्याकांड के राज से पर्दा उठने की उम्मीद है।

