बक्सर में तीन माह की गर्भवती की संदिग्ध स्थिति में मौत, पति समेत तीन हिरासत में
नगर थाना क्षेत्र के मल्लाह टोली मोहल्ले में एक गर्भवती की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है। उसका शव फंदे से लटका मिला है। मृतका की पहचान सविता देवी पति नंद जी चौधरी के रूप में हुई है। सविता की शादी वर्ष 2024 में हुई थी और वह करीब तीन माह की गर्भवती बताई जा रही थी।
केटी न्यूज/बक्सर
नगर थाना क्षेत्र के मल्लाह टोली मोहल्ले में एक गर्भवती की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है। उसका शव फंदे से लटका मिला है। मृतका की पहचान सविता देवी पति नंद जी चौधरी के रूप में हुई है। सविता की शादी वर्ष 2024 में हुई थी और वह करीब तीन माह की गर्भवती बताई जा रही थी।परिजनों के अनुसार नंद जी चौधरी दुबई में रहकर काम करते हैं और पिछले पांच महीनों से छुट्टी पर घर आए हुए थे। 13 मार्च को उन्हें वापस दुबई जाना था, जिसके लिए टिकट भी लिया गया था। बताया जाता है कि शुक्रवार की शाम पति नशे की हालत में था और किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था।

शनिवार की सुबह सविता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अंतिम संस्कार के बाद पुलिस ने रविवार देर रात कार्रवाई करते हुए पति नंद जी चौधरी, उनके चाचा और चाची को हिरासत में ले लिया। तीनों से थाने में गहन पूछताछ जारी है।अब तक इस मामले में किसी पक्ष की ओर से प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।गर्भवती महिला की इस संदिग्ध मौत से पूरे मोहल्ले में दहशत और चर्चा का माहौल है। जहां कुछ लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं, वहीं कई लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और सच्चाई सामने लाने का दावा कर रही है।

