बक्सर में राज्यस्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का रंगारंग आगाज, 360 खिलाड़ी दिखा रहे दमखम
खेल विभाग, बिहार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना तथा जिला प्रशासन, बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय खो-खो (बालक) प्रतियोगिता का सोमवार को एमपी उच्च विद्यालय के खेल मैदान में रंगारंग शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में राज्य के नौ प्रमंडलों और एक एकलव्य टीम के कुल 360 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

__ डीएम साहिला और एसपी शुभम आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन, पहले दिन पटना, दरभंगा, भागलपुर और मुंगेर की टीमों का शानदार प्रदर्शन
केटी न्यूज/बक्सर।
खेल विभाग, बिहार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना तथा जिला प्रशासन, बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय खो-खो (बालक) प्रतियोगिता का सोमवार को एमपी उच्च विद्यालय के खेल मैदान में रंगारंग शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में राज्य के नौ प्रमंडलों और एक एकलव्य टीम के कुल 360 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता 29 अक्टूबर तक चलेगी।प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता रवि बहादुर, वरीय उप समाहर्ता, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी, बक्सर समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।


__ अंतरराष्ट्रीय तैराक विजेंद्र राय सम्मानित
समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने अंतरराष्ट्रीय तैराकी पदक विजेता विजेंद्र राय को शॉल, बुके, मोमेंटो, सम्मान पत्र और पौधा देकर सम्मानित किया। विजेंद्र राय ने दूसरी एशियन मास्टर्स तैराकी प्रतियोगिता-2026 में बेंगलुरु स्थित पादुकोण-द्रविड सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस में पदक हासिल किया था।वहीं, राष्ट्रीय तीरंदाज मुक्ति नारायण पाठक के प्रयास से एमपी उच्च विद्यालय में धनुर्विद्या प्रशिक्षण की शुरुआत की गई। जिलाधिकारी ने फीता काटने के साथ लक्ष्य पर निशाना लगाकर प्रशिक्षण का उद्घाटन किया।

__ मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
उद्घाटन समारोह में विभिन्न प्रमंडलों से आए खिलाड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी। छात्राओं की ओर से प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद खिलाड़ियों को निष्पक्षता और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि और अन्य अधिकारियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा टॉस कराकर पहले मैच की शुरुआत कराई।

__ पहले दिन पटना और मुंगेर का दबदबा
प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-14 वर्ग में पटना ने दरभंगा को एक पाली और पांच अंक से, भागलपुर ने तिरहुत को एक पाली और चार अंक से तथा मुंगेर ने पूर्णिया को एक पाली और दस अंक से हराया। मगध ने कोशी को एक पाली और छह अंक से शिकस्त दी। अंडर-17 वर्ग में पटना ने दरभंगा को एक पाली और दो अंक से, जबकि मुंगेर ने कोशी को एक पाली और 15 अंक से पराजित किया। अंडर-19 वर्ग में दरभंगा ने पूर्णिया को 11 अंकों से हराकर जीत दर्ज की।प्रतियोगिता के अगले दो दिनों में भी विभिन्न प्रमंडलों की टीमों के बीच मुकाबले जारी रहेंगे।


