रघुनाथपुर में क्रिकेट का रोमांच, वार्ड-7 ने जीता आरपीएल सीजन-4 का खिताब
रघुनाथपुर पंचायत में आयोजित आरपीएल सीजन-4 क्रिकेट टूर्नामेंट का रविवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ शानदार समापन हुआ। पिछले एक माह से चल रही इस प्रतियोगिता में पंचायत के सभी 15 वार्डों की टीमों ने हिस्सा लिया और खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया।


__ फाइनल में वार्ड-13 को 8 विकेट से हराया, एक माह तक चले टूर्नामेंट में दिखी ग्रामीण प्रतिभाओं की चमक
केटी न्यूज/ब्रह्मपुर :
रघुनाथपुर पंचायत में आयोजित आरपीएल सीजन-4 क्रिकेट टूर्नामेंट का रविवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ शानदार समापन हुआ। पिछले एक माह से चल रही इस प्रतियोगिता में पंचायत के सभी 15 वार्डों की टीमों ने हिस्सा लिया और खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में वार्ड नंबर-7 की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए वार्ड नंबर-13 को 8 विकेट से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।पंचायत के मुखिया गुड्डू पासवान के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मैदान पर पहुंचे। रविवार शाम चार बजे शुरू हुए मुकाबले का समापन रात आठ बजे हुआ। मैच के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला और हर चौके-छक्के व विकेट पर मैदान तालियों से गूंज उठा।

फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी वार्ड नंबर-13 की टीम निर्धारित 10 ओवर में 47 रन ही बना सकी। छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी वार्ड नंबर-7 की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया और आठ विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की इस जीत के बाद खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मुखिया गुड्डू पासवान, तुलसी विचार मंच के संयोजक एवं पर्यावरण कार्यकर्ता शैलेश कुमार ओझा, कमलेश सिंह यादव, रवि कुमार सिंह और मिथिलेश यादव ने संयुक्त रूप से विजेता टीम के कप्तान ट्विंकल यादव को ट्रॉफी और मेडल प्रदान किया।

वहीं उपविजेता टीम के कप्तान बिट्टू कुमार और उनकी टीम को भी मेडल व सम्मान-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कार दिए गए। फागू यादव को फाइनल मुकाबले का मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि बिट्टू कुमार को मैन ऑफ द सीरीज और पर्पल कैप से सम्मानित किया गया। वहीं गौतम कुमार को शानदार बल्लेबाजी के लिए ऑरेंज कैप प्रदान किया गया।इस मौके पर शैलेश कुमार ओझा ने कहा कि खेल युवाओं के अंदर अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को सामने लाने के साथ-साथ युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं और उन्हें सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित करते हैं।

मैच में मुख्य अंपायर की भूमिका निशु सोनी ने निभाई, जबकि लेग अंपायर के रूप में ओमकार ने जिम्मेदारी संभाली। कमेंट्री की भूमिका सर्वजीत कुमार और मुहम्मद अजहर ने निभाई। आयोजन को सफल बनाने में बिपुल, करण, विशाल, सूरज, कंचन, रितेश, रविकांत सहित कई युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।ग्रामीणों ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के खेल आयोजन न सिर्फ युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं, बल्कि पंचायत में आपसी भाईचारे, एकता और सामाजिक जुड़ाव को भी मजबूत बनाते हैं।

