__ दुर्गा मंदिर के पास बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर कान की बाली, मंगलसूत्र, झोला और नकदी छीनी; वारदात के बाद हुए फरार
केटी न्यूज/चौसा :
मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बाइक सवार उचक्कों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े दुर्गा मंदिर के समीप बाजार जा रही एक महिला को निशाना बनाकर उनके सोने के गहने और नकदी छीन ली। अचानक हुई इस वारदात से महिला घबरा गईं। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीड़िता की पहचान चौसा प्रखंड के नरबतपुर गांव निवासी निर्मला देवी, पति भड्डू राम के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, निर्मला देवी किसी जरूरी काम से बाजार जा रही थीं। इसी दौरान दुर्गा मंदिर के पास बाइक सवार दो उचक्के उनके करीब पहुंचे। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पातीं, बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके कान की सोने की बाली और गले में पहना मंगलसूत्र छीन लिया। इसके साथ ही उनके पास मौजूद झोला भी लेकर भाग निकले।
महिला के पास रखी नकदी भी छीने जाने की बात सामने आई है। वारदात इतनी तेजी से हुई कि पीड़िता को संभलने और शोर मचाने तक का मौका नहीं मिला। घटना के बाद महिला ने स्थानीय स्तर पर इसकी जानकारी दी और पुलिस से शिकायत की। इस संबंध में पीड़िता द्वारा मुफस्सिल थाने में आवेदन दिया गया है।
गौरतलब है कि व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े इस तरह की घटना से आम लोगों, खासकर महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से बाजार और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर गश्ती बढ़ाने तथा बाइक सवार उचक्कों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। अब पुलिस की कार्रवाई पर लोगों की निगाहें टिकी हैं।



टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।