डुमरांव पुलिस ने जगनारायण सिंह अस्पताल मोड़ के पास घेराबंदी कर पकड़ी शराब की खेप, गिरफ्तार आरोपितों में एक इंजीनियर तो दूसरा डॉक्टर; आरा और समस्तीपुर के रहने वाले हैं तीनों तस्कर
केटी न्यूज/डुमरांव।
डुमरांव पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 500 लीटर विदेशी शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से शराब लदी दो लग्जरी गाड़ियां भी बरामद की हैं। इनमें एक फोर्ड एंडेवर और दूसरी महिंद्रा टीयूवी कार शामिल है। गिरफ्तार आरोपितों में दो सगे भाई हैं, जिनमें एक इंजीनियर और दूसरा डेंटिस्ट डॉक्टर है। पढ़े-लिखे और पेशेवर डिग्रीधारी युवकों के शराब तस्करी में शामिल होने की बात सामने आने के बाद यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से विदेशी शराब की एक बड़ी खेप दो वाहनों के जरिए डुमरांव के रास्ते गुजरने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और संदिग्ध वाहनों पर नजर रखते हुए उनका पीछा शुरू किया। इसी दौरान जगनारायण सिंह अस्पताल मोड़ के पास दोनों वाहनों को घेरकर रोक लिया गया। तलाशी लेने पर उनमें भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भोजपुर जिले के एमपी बाग-आरा निवासी मनीष पांडेय और विकास पांडेय तथा समस्तीपुर जिले के अश्विनचक निवासी रामएकबाल पासवान के रूप में हुई है। मनीष और विकास आपस में सगे भाई हैं। पुलिस के अनुसार, मनीष पांडेय ने बीआईटी मेसरा से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की है, जबकि उसका भाई विकास पांडेय राजस्थान से मेडिकल की पढ़ाई कर डेंटिस्ट बना है। बावजूद दोनों के शराब तस्करी के धंधे में शामिल होने का मामला सामने आया है।

वहीं, बरामद फोर्ड एंडेवर कार रामएकबाल पासवान के भाई विक्की पासवान के नाम पर निबंधित है, जबकि महिंद्रा टीयूवी कार मनीष पांडेय के नाम पर पंजीकृत बताई गई है।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि शराब की यह खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही गिरफ्तार आरोपितों के नेटवर्क और शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।



टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।