बिजली जांच दल पर ग्रामीणों का हमला, अवैध कनेक्शन पकड़ने गई टीम से मारपीट

स्थानीय थाना क्षेत्र के अरक गांव में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। छापेमारी के दौरान ग्रामीणों द्वारा विरोध करते हुए मारपीट किए जाने से विभाग के कनीय अभियंता (जेई) समेत कई कर्मी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बिजली जांच दल पर ग्रामीणों का हमला, अवैध कनेक्शन पकड़ने गई टीम से मारपीट

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म

स्थानीय थाना क्षेत्र के अरक गांव में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। छापेमारी के दौरान ग्रामीणों द्वारा विरोध करते हुए मारपीट किए जाने से विभाग के कनीय अभियंता (जेई) समेत कई कर्मी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के अनुसार, विद्युत आपूर्ति प्रशाखा चक्की की टीम बुधवार को गांव में बिजली चोरी की शिकायत मिलने पर जांच के लिए पहुंची थी। विभागीय अधिकारियों के नेतृत्व में टीम विभिन्न घरों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मकान में मीटर को बाईपास कर सीधे बिजली उपयोग किए जाने का मामला सामने आया।

विभागीय कर्मियों ने जब अवैध कनेक्शन हटाने और कार्रवाई शुरू करने की कोशिश की, तभी संबंधित परिवार के लोग आक्रोशित हो गए।बताया जाता है कि देखते ही देखते वहां कई लोग जुट गए और टीम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध बढ़ने पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और विभागीय कर्मियों को जान बचाकर पीछे हटना पड़ा। इस दौरान कनीय अभियंता मनीष कुमार समेत कई कर्मचारी घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल कर्मियों को तत्काल उपचार के लिए डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस सुरक्षा में टीम को सुरक्षित थाना लाया गया।

इस मामले में कनीय अभियंता मनीष कुमार के बयान पर कृष्णाब्रह्म थाना में जीतू ठाकुर, बिटू ठाकुर सहित कुल 16 नामजद लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर जीतू ठाकुर और बिटू ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं विद्युत विभाग ने साफ किया है कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।