चौसा बिजली परियोजना में सूखी घास में लगी आग, सतर्कता से टला बड़ा नुकसान

बक्सर जिले के चौसा स्थित बिजली उत्पादन परियोजना परिसर में गुरुवार दोपहर अचानक आग लगने की घटना सामने आई, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि प्लांट प्रशासन और दमकल टीम की तत्परता के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई।

चौसा बिजली परियोजना में सूखी घास में लगी आग, सतर्कता से टला बड़ा नुकसान

केटी न्यूज/चौसा

बक्सर जिले के चौसा स्थित बिजली उत्पादन परियोजना परिसर में गुरुवार दोपहर अचानक आग लगने की घटना सामने आई, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि प्लांट प्रशासन और दमकल टीम की तत्परता के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार परियोजना परिसर के मध्य भाग में मौजूद सूखी घास-फूस और झाड़ियों में तेज गर्मी तथा तपिश के कारण अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें उठते ही वहां कार्यरत कर्मियों और अधिकारियों में हलचल मच गई। मामले की सूचना तत्काल प्लांट की अग्निशमन इकाई को दी गई, जिसके बाद दमकल कर्मी उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे और तेजी से राहत कार्य शुरू किया।

दमकल टीम ने कुछ ही देर में आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया। राहत की बात यह रही कि आग आसपास के संवेदनशील हिस्सों या निर्माणाधीन इकाइयों तक नहीं पहुंच सकी। घटना में किसी कर्मचारी के घायल होने या प्लांट संपत्ति को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है।बताया जा रहा है कि परियोजना की दूसरी यूनिट को शुरू करने की दिशा में इन दिनों निर्माण और तकनीकी कार्य तेजी से चल रहा है। ऐसे में परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।घटना के बाद प्लांट प्रबंधन ने एहतियातन पूरे परिसर में निगरानी बढ़ा दी है तथा ज्वलनशील सामग्री और सूखी झाड़ियों की साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया है। अधिकारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम को देखते हुए अग्नि सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।