लंबित कांडों पर सख्ती: डुमरांव अंचल के दो थानों में औचक जांच, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुस्त करने और लंबित मामलों के निपटारे में तेजी लाने के लिए अंचल निरीक्षक अरविंद कुमार ने वासुदेवा और मुरार थाना का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए इस निरीक्षण से दोनों थानों में हलचल मच गई। निरीक्षक ने लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए साफ शब्दों में कहा कि अब मामलों को दबाकर रखने या जांच में ढिलाई की गुंजाइश नहीं है।
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुस्त करने और लंबित मामलों के निपटारे में तेजी लाने के लिए अंचल निरीक्षक अरविंद कुमार ने वासुदेवा और मुरार थाना का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए इस निरीक्षण से दोनों थानों में हलचल मच गई। निरीक्षक ने लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए साफ शब्दों में कहा कि अब मामलों को दबाकर रखने या जांच में ढिलाई की गुंजाइश नहीं है।निरीक्षण के दौरान उन्होंने केस डायरी, अनुसंधान की वर्तमान स्थिति, वारंट निष्पादन, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और पेंडिंग मामलों की फाइलों की बारीकी से जांच की। कई मामलों में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने कहा कि पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की पहली जिम्मेदारी है और इसमें किसी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।सीआई अरविंद कुमार ने थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि हत्या, लूट, महिला उत्पीड़न, भूमि विवाद और अन्य गंभीर मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। साथ ही वारंटियों की गिरफ्तारी अभियान चलाकर तेज करने तथा फरार अपराधियों पर लगातार दबाव बनाए रखने को कहा गया।उन्होंने थाना स्तर पर नियमित केस मॉनिटरिंग, शिकायतों के त्वरित निष्पादन और आम लोगों से बेहतर संवाद कायम रखने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, मालखाना व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की कार्यशैली का भी जायजा लिया गया।अंचल निरीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता या जांच में अनावश्यक देरी पाई गई तो संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई तय मानी जाएगी। अचानक हुए इस निरीक्षण को क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और सक्रिय बनाने की दिशा में बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

