जनता दरबार में राशन कार्ड से जुड़े मामलों की भरमार, एसडीएम ने दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश
अनुमंडल कार्यालय डुमरांव में आयोजित जनता दरबार में इस बार राशन कार्ड से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। सात निश्चय पार्ट-3 कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को आयोजित इस दरबार में कुल 19 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें से अधिकांश शिकायतें राशन कार्ड में त्रुटि, नाम जोड़ने और सुधार से संबंधित थीं।

__ 19 मामलों की सुनवाई में 17 शिकायतें राशन कार्ड सुधार से जुड़ी, भूमि विवादों पर भी प्रशासन सख्त
केटी न्यूज/डुमरांव:
अनुमंडल कार्यालय डुमरांव में आयोजित जनता दरबार में इस बार राशन कार्ड से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। सात निश्चय पार्ट-3 कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को आयोजित इस दरबार में कुल 19 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें से अधिकांश शिकायतें राशन कार्ड में त्रुटि, नाम जोड़ने और सुधार से संबंधित थीं।जनता दरबार की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम राकेश कुमार ने स्पष्ट किया कि राशन कार्ड से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निपटाया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन मामलों में लापरवाही न बरती जाए और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।दरबार में आए मामलों में दो शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित थीं, जिनमें भूमि विवाद प्रमुख रहा। सिमरी अंचल के बड़का सिहनपुरा पंचायत से आए एक भूमि विवाद के मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने अंचलाधिकारी और संबंधित थानाध्यक्ष को संयुक्त रूप से निष्पक्ष जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जांच पारदर्शी हो और किसी भी पक्ष के साथ अन्याय न हो।

इसी तरह, कृष्णब्रह्म थाना क्षेत्र के अकालूपुर गांव से आए जमीन बंटवारे के एक मामले में एसडीएम ने दोनों पक्षों को विधिवत जमीन की मापी कराने की सलाह दी, ताकि विवाद का स्थायी समाधान निकाला जा सके।एसडीएम ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य केवल शिकायत सुनना नहीं, बल्कि उनका त्वरित और पारदर्शी समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि लंबित मामलों को जल्द निपटाएं, जिससे लोगों को बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।जनता दरबार में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं और प्रशासन की इस पहल पर संतोष जताया। लोगों ने उम्मीद जताई कि इस तरह के प्रयासों से उनकी समस्याओं का समाधान तेजी से होगा।

