घंटों की मशक्कत के बाद शौचालय से निकली घायल नीलगाय, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
प्रखंड क्षेत्र के उर्दू मध्य विद्यालय केसठ के समीप स्थित एक सार्वजनिक शौचालय में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घायल नीलगाय अंदर फंसी पाई गई। संकरी जगह में फंसी इस वन्य जीव को बाहर निकालना आसान नहीं था, लेकिन घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
__ उर्दू मध्य विद्यालय केसठ के पास हुई घटना, वन विभाग की टीम ने चलाया लंबा रेस्क्यू अभियान
केटी न्यूज/केसठ।
प्रखंड क्षेत्र के उर्दू मध्य विद्यालय केसठ के समीप स्थित एक सार्वजनिक शौचालय में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घायल नीलगाय अंदर फंसी पाई गई। संकरी जगह में फंसी इस वन्य जीव को बाहर निकालना आसान नहीं था, लेकिन घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने बताया कि नीलगाय काफी देर से शौचालय के भीतर फंसी हुई थी और बाहर निकलने के लिए छटपटा रही थी। उसके पैर बुरी तरह जख्मी थे, जबकि नाक से लगातार खून बह रहा था, जिससे उसकी हालत बेहद नाजुक लग रही थी।

आशंका जताई जा रही है कि भटककर वह शौचालय के कमरे में घुस गई और फिर बाहर निकलने का रास्ता नहीं ढूंढ पाई।सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। संकरी जगह और घायल अवस्था के कारण नीलगाय को निकालना चुनौतीपूर्ण था। टीम ने बेहद सावधानी और धैर्य के साथ काम करते हुए करीब कई घंटे तक प्रयास किया। आखिरकार संयुक्त प्रयासों से नीलगाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।मौके पर मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के दौरान बताया कि नीलगाय के शरीर पर गंभीर चोटें हैं और संभव है कि वह किसी बीमारी से भी ग्रसित हो, जिससे उसकी हालत और बिगड़ गई हो।

रेस्क्यू के तुरंत बाद बक्सर से आई विशेष वाहन की मदद से उसे उपचार के लिए नावानगर भेजा गया।इस दौरान ग्रामीणों ने वन विभाग की तत्परता और संवेदनशीलता की जमकर सराहना की। स्थानीय लोगों का कहना था कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो नीलगाय की जान भी जा सकती थी।घटना ने एक बार फिर यह दिखा दिया कि इंसानी बस्तियों में भटककर पहुंचने वाले वन्य जीवों के लिए हालात कितने खतरनाक हो सकते हैं, लेकिन समय पर की गई पहल उनकी जिंदगी बचा सकती है।

