खाकी का खौफ दिखाकर ट्रेनों में वसूली, विरोध पर युवक को चलती ट्रेन से दिया धक्का

चलती ट्रेनों में खुद को पुलिसकर्मी बताकर यात्रियों से वसूली करने वाले शातिर अपराधी ने पैसे के लिए एक मजदूर युवक की जान ले ली। बक्सर में हुई इस सनसनीखेज वारदात का रेल पुलिस ने खुलासा करते हुए भोजपुर के एक युवक को गिरफ्तार किया है।

खाकी का खौफ दिखाकर ट्रेनों में वसूली, विरोध पर युवक को चलती ट्रेन से दिया धक्का

__ फर्जी पुलिसकर्मी बनकर मजदूर यात्रियों को बनाता था निशाना, 5 हजार रुपये लेने के बाद भी मांगी 20 हजार की फिरौती; आरोपी गिरफ्तार, निशानदेही पर ट्रैक से मिला शव, रेल डीएसपी ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी 

केटी न्यूज/बक्सर।

चलती ट्रेनों में खुद को पुलिसकर्मी बताकर यात्रियों से वसूली करने वाले शातिर अपराधी ने पैसे के लिए एक मजदूर युवक की जान ले ली। बक्सर में हुई इस सनसनीखेज वारदात का रेल पुलिस ने खुलासा करते हुए भोजपुर के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पहले नितिन कुमार को पुलिस का भय दिखाकर ट्रेन से नीचे उतारा और फिर परिजनों से पैसे की मांग की। रकम नहीं मिलने पर उसे चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। आरोपी की निशानदेही पर आरा-जगजीवन हॉल्ट के बीच रेलवे ट्रैक से नितिन का शव बरामद किया गया।मृतक नितिन कुमार (21) वैशाली जिले के महिसौर थाना क्षेत्र के चांद सराय निवासी मुकेश राय का पुत्र था। वह हैदराबाद में मजदूरी करता था और 19 सितंबर को ट्रेन संख्या 07091 हैदराबाद-दानापुर स्पेशल से घर लौट रहा था। उसे दानापुर जाना था, लेकिन रास्ते में बक्सर के आसपास वह अपराधियों के निशाने पर आ गया।

__ सिगरेट पीने का बहाना, फिर शुरू हुआ वसूली का खेल

परिजनों के अनुसार 20 सितंबर की रात करीब 10 बजे नितिन के मोबाइल से फोन आया। उसने बताया कि सिगरेट पीने के दौरान कुछ लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए उसे पकड़ लिया है और ट्रेन से उतार दिया है। इसके बाद फोन पर मौजूद व्यक्ति ने नितिन को छोड़ने के बदले 10 हजार रुपये मांगे। परिजनों ने सुबह पैसे देने की बात कही और तत्काल पांच हजार रुपये नितिन के खाते में भेज दिए।लेकिन रकम मिलने के बावजूद अपराधियों ने उसे नहीं छोड़ा। अगले दिन 21 सितंबर की सुबह उसी मोबाइल से फिर फोन आया और इस बार 20 हजार रुपये की मांग की गई। कई बार फोन आने के बावजूद परिजनों की नितिन से सीधे बात नहीं हो सकी। इससे उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। परिजनों ने स्थानीय मुखिया के साथ बक्सर रेल थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी।

__ तकनीकी जांच ने पहुंचाया आरोपी तक

मामले में रेल थाना बक्सर में कांड संख्या 206/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार राय के निर्देश पर दानापुर रेल पुलिस उपाधीक्षक कंचन राज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर टीम ने संदिग्धों की तलाश शुरू की।लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने बक्सर-बनारस रेलखंड के मोहनसराय क्षेत्र से भोजपुर जिले के शाहपुर थाना अंतर्गत बारिसवन गांव निवासी रोहित तिवारी (25) को गिरफ्तार कर लिया।

__ पूछताछ में खुला ट्रेन के अंदर का अपराधी नेटवर्क

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने नितिन को ट्रेन से धक्का देने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर आरा-जगजीवन हॉल्ट के बीच रेलवे ट्रैक से शव बरामद किया गया। मृतक के पिता ने शव की पहचान नितिन कुमार के रूप में की।रेल पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से ट्रेनों में इसी तरीके से यात्रियों को निशाना बनाता था। वह पैसेंजर ट्रेनों के दिव्यांग कोच में चढ़कर खुद को पुलिस, आरपीएफ या एसटीएफ का जवान बताता और धूम्रपान, टिकट जांच अथवा अन्य बहाने से यात्रियों पर दबाव बनाकर पैसे वसूलता था। विरोध करने वालों के साथ मारपीट करने की बात भी जांच में सामने आई है।

__ दो माह पहले जेल से निकला, फिर अपराध में सक्रिय

पुलिस के अनुसार रोहित के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। शाहपुर थाना में चोरी, बक्सर रेल थाना के पूर्व कांड और दानापुर रेल थाना में 9 सितंबर 2026 को दर्ज मामले समेत कई मामलों में उसकी संलिप्तता सामने आई है। बताया गया कि वह करीब 25 महीने जेल में रहने के बाद लगभग दो माह पहले ही जमानत पर बाहर आया था।गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक भूरा पर्स बरामद किया। उसमें इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक, पीएनबी और एसबीआई के एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, वोटर आईडी समेत कई दस्तावेज मिले हैं। पुलिस इन दस्तावेजों के संबंध में भी जांच कर रही है।

__ कहती हैं डीएसपी

“एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। ट्रेन से युवक को धक्का देकर हत्या करने की बात उसने स्वीकार की है। उसके खिलाफ पूर्व से भी कई मामले दर्ज हैं। पूरे मामले की जांच जारी है।”

—कंचन राज, उपाधीक्षक, जीआरपी, पटना