राजपुर में बंद घर में भीषण चोरी, लाखों के आभूषण, नगदी व कीमती सामान ले उड़े चोर

राजपुर थाना क्षेत्र के मनोहरपुर में एक बंद घर में चोरों ने चोरी की भीषण घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने छत का ग्रिल काट चोरी की इस घटना को अंजाम दिया है।

राजपुर में बंद घर में भीषण चोरी, लाखों के आभूषण, नगदी व कीमती सामान ले उड़े चोर

- छत का ग्रिल काट चोरों ने दिया घटना को अंजाम, सुबह में गृहस्वामी के पुत्र के आने के बाद हुई घटना की जानकारी, जांच मेें जुटी पुलिस

केटी न्यूज/राजपुर

राजपुर थाना क्षेत्र के मनोहरपुर में एक बंद घर में चोरों ने चोरी की भीषण घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने छत का ग्रिल काट चोरी की इस घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने घर से करीब 3.5 लाख रूपए के मूल्य के आभूषण, नगद 1.75 लाख रूपए तथा घर में रखे बर्तन, कपड़ा अनाज समेत कीमती सामानों की चोरी की ली है। चोरी की यह वारदात धनंजय कुमार पांडेय के घर की है। इस संबंध में पीड़ित ने राजपुर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया है। 

पुलिस को दिए आवेदन में पीड़ित ने इस बात का जिक्र किया है कि 2 फरवरी की रात उसके घर में कोई नहीं था तथा बाहर से ताला बंद था। मध्य रात्रि अज्ञात चोर छत में लगे ग्रिल को काट घर में प्रवेश कर गए तथा घर में रखे करीब साढ़े तीन लाख रूपए मूल्य के सोने व चांदी के आभूषण, नगद पौने दो लाख रूपए के अलावे अनाज, बर्तन, कपड़े समेत अन्य कीमती सामाना चुरा लिए। 

पीड़ित की माने तो सोमवार की सुबह जब उसका पुत्र रवि पांडेय सरस्वती पूजा के मौके पर गांव आया तथा मुख्य गेट में लगे ताला को खोला तो गेट अंदर से बंद मिला। इसके बाद चोरी का शक हुआ। तब मेरा पुत्र पड़ोसी के छत के सहारे अपने छत पर आया तो देखा कि छत का ग्रिल कटा है। जब वह सीढ़ी के सहारे अंदर गया तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था तथा आलमीरा व बक्से भी टूटे थे। जिसके बाद वह समझ गया कि चोरों ने घर में हाथ साफ किया है। रवि ने ही इसकी जानकारी अपने पिता को दी। 

जानकारी होते ही पीड़ित गृहस्वामी दौड़े भागे अपने गांव पहुंचे तथा पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया। वहीं, पीड़ित धनंजय पांडेय के बयान पर अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया गया।

थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल चोरों के पहचान का प्रयास किया जा रहा है। उन्हें जल्दी गिरफ्तार कर चोरी की इस वारदात का उद्भेदन कर लिया जाएगा।