झारखंड के चतरा में पुराना भोजपुर के युवक की गोली मार हत्या, जानकारी मिलते ही परिजनों में मचा कोहराम

नया भोजपुर थाना क्षेत्र के पुराना भोजपुर गांव निवासी एक युवक की झारखंड के चतरा में गोली मार हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान पुराना भोजपुर सिमरी रोड निवासी लक्ष्मण सैनी के 35 वर्षीय पुत्र अतुल सैनी के रूप में हुई है। उसका चयन आसाम रायफल्स में भी हुआ था, लेकिन किसी कारणवश वह नौकरी छोड़ चुका था।

झारखंड के चतरा में पुराना भोजपुर के युवक की गोली मार हत्या, जानकारी मिलते ही परिजनों में मचा कोहराम

-- चतरा विधायक के पुत्र व चर्चित ठेकेदार रॉकी सिंह का निजी बॉडीगार्ड था मृतक, पूर्व में आसाम रायफल्स की नौकरी कर चुका था मृतक

-- साथी गॉर्ड पर लग रहा है हत्या करने का आरोप, पुराना भोजपुर से चतरा के लिए रवाना हुए परिजन

केटी न्यूज/डुमरांव

नया भोजपुर थाना क्षेत्र के पुराना भोजपुर गांव निवासी एक युवक की झारखंड के चतरा में गोली मार हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान पुराना भोजपुर सिमरी रोड निवासी लक्ष्मण सैनी के 35 वर्षीय पुत्र अतुल सैनी के रूप में हुई है। उसका चयन आसाम रायफल्स में भी हुआ था, लेकिन किसी कारणवश वह नौकरी छोड़ चुका था। मिली जानकारी के अनुसार वह फिलहाल चतरा विधायक मनोरमा देवी के पुत्र व इलाके के चर्चित ठेकेदार रॉकी यादव का निजी बॉडीगार्ड था। बताया जा रहा है कि मंगलवार को वह किसी काम से चतरा एसपी से मिलने गया था, जबकि कार्यालय गेट के बाद अतुल के अलावे एक अन्य बॉडीगार्ड था।अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों बॉडीगॉर्डों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, इस दौरान दूसरे बॉडीगॉर्ड ने अपनी पिस्टल से अतुल को गोली मार दी।

गोली उसके सर में नजदीक से सटाकर मारी गई है। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें गोली लगने से सर से अत्यधिक रक्तश्राव होने की जानकारी मिली है। बहरहाल इस घटना की जानकारी मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया। पिता लक्ष्मण सैनी समेत अन्य परिजन व पड़ोसी घटना स्थल के लिए रवाना हो गए है। बताया जा रहा है कि अतुल तीन भाईयों में मझला था। उसकी मां का पहले ही निधन हो गया था। उसकी मां पूर्व में भोजपुर कदीम पंचायत की सरपंच भी रही है। ढाई साल पहले ही उसकी शादी बलिया जिले के शहतवार निवासी निक्की देवी से हुआ था। इस घटना से पिता- पत्नी के साथ ही बड़ा भाई अमन, छोटा भाई अक्षय, बहन साक्षी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। वहीं, उसकी डेढ़ वर्षीय बेटी माही भी अनाथ हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुराना भोजपुर गांव में मायूसी छा गई है। उसके दरवाजे पर ढांढस बंधाने वालो का तांता लग गया है।