‘साइबर मंगलवार’ अभियान के तहत स्कूलों में छात्रों को किया गया जागरूक:
बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति आम नागरिकों, विशेषकर छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को बक्सर पुलिस द्वारा साइबर मंगलवार अभियान के तहत स्थानीय राज हाईस्कूल एवं सीपीएसएस हाईस्कूल में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

केटी न्यूज/डुमरांव:-
बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति आम नागरिकों, विशेषकर छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को बक्सर पुलिस द्वारा साइबर मंगलवार अभियान के तहत स्थानीय राज हाईस्कूल एवं सीपीएसएस हाईस्कूल में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देशानुसार चलाया गया, जिसमें विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के विभिन्न उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने किया। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग तेजी से बढ़ा है। इसके साथ ही साइबर ठगी, फिशिंग, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया हैकिंग और ऑनलाइन धोखाधड़ी जैसी घटनाओं में भी लगातार वृद्धि हो रही है।

ऐसे में प्रत्येक नागरिक का साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है।छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताते हुए कहा गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड, बैंक खाते की जानकारी अथवा अन्य गोपनीय सूचनाएं कभी साझा नहीं करें। साइबर अपराधी विभिन्न तरीकों से लोगों को झांसे में लेकर आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं। यदि कोई संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक प्राप्त हो तो उस पर क्लिक करने से बचें और तुरंत उसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें। अभियान के दौरान सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, मजबूत पासवर्ड बनाने तथा निजी जानकारी को सार्वजनिक मंचों पर साझा नहीं करने की सलाह भी दी गई। साथ ही साइबर बुलिंग, ऑनलाइन उत्पीड़न और महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े साइबर अपराधों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई तथा ऐसे मामलों में बिना देर किए शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।

राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी। डिजिटल भुगतान करते समय सतर्कता बरतने, केवल विश्वसनीय प्लेटफॉर्म का उपयोग करने तथा साइबर स्वच्छता के नियमों का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया। थानाध्यक्ष ने कहा कि बक्सर पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को पहले से जागरूक कर साइबर अपराधों को रोकना भी है। साइबर मंगलवार अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को सतर्क, जागरूक एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि वे स्वयं सुरक्षित रहें और अपने परिवार व समाज को भी साइबर अपराधों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। कार्यक्रम में राज हाइस्कूल के प्रधानाध्यापक अनुराग मिश्रा, सीपीएसएस के प्रधानाध्यापक डॉ. मो. अश्फाक सहित विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

