सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर बक्सर प्रशासन अलर्ट, 10 केंद्रों पर 4338 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत विशेष शाखा में सिपाही (सामान्य बंद संवर्ग) पद पर चयन के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को स्वच्छ, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है।

सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर बक्सर प्रशासन अलर्ट, 10 केंद्रों पर 4338 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

__कदाचार रोकने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू

केटी न्यूज/बक्सर

केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत विशेष शाखा में सिपाही (सामान्य बंद संवर्ग) पद पर चयन के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को स्वच्छ, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। परीक्षा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने समाहरणालय सभाकक्ष में संयुक्त रूप से अधिकारियों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बक्सर जिले में 24 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4338 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा एकल पाली में दो प्रश्न पत्रों के लिए लगातार आयोजित की जाएगी। पहला प्रश्न पत्र सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरा प्रश्न पत्र दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक होगा। दोनों प्रश्न पत्रों के बीच 30 मिनट का अंतराल रहेगा।

__दो घंटे पहले शुरू होगा प्रवेश, जांच के बाद ही मिलेगा मौका

 प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश को लेकर सख्त व्यवस्था की है। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले सुबह 8 बजे से प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश की प्रक्रिया सुबह 9 बजे तक चलेगी। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।परीक्षा कार्य में तैनात केंद्राधीक्षक और कर्मियों को सुबह 7 बजे तक परीक्षा केंद्र पर अनिवार्य रूप से पहुंचने का निर्देश दिया गया है। यदि किसी केंद्र पर 500 से अधिक अभ्यर्थी होंगे तो प्रत्येक 500 अभ्यर्थियों पर एक सहायक केंद्राधीक्षक की नियुक्ति की जाएगी।

__ मोबाइल, स्मार्ट घड़ी समेत इलेक्ट्रॉनिक सामान पर रोक

परीक्षा केंद्र के अंदर अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ उपकरण, वाई-फाई गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, सामान्य या स्मार्ट घड़ी सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक सामग्री को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर तैनात स्थायी दंडाधिकारी अपनी मौजूदगी में कक्षवार वीक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करेंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने में दंडाधिकारी केंद्राधीक्षकों का सहयोग करेंगे।

__ रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर तैनात रहेंगे अधिकारी

परीक्षा में बिहार समेत अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों के शामिल होने को देखते हुए प्रशासन ने रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर भी विशेष निगरानी की व्यवस्था की है। अभ्यर्थियों की भीड़ को देखते हुए बक्सर रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर 24 जून को सुबह 5 बजे से दोपहर 3 बजे तक या स्थिति सामान्य होने तक दंडाधिकारी और पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति रहेगी।

__होटल-लॉज पर भी रहेगी नजर, सोशल मीडिया की निगरानी

प्रशासन ने परीक्षा में किसी भी तरह की नकल, फर्जी अभ्यर्थी (प्रतिरूपण) या अन्य अनियमितता रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों के साथ-साथ होटल, लॉज और अभ्यर्थियों के ठहरने वाले स्थानों पर भी निगरानी रखने का निर्देश दिया है। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। साइबर सेनानी व्हाट्सएप समूह के माध्यम से आपत्तिजनक संदेश या अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

__ यातायात, बिजली और स्वास्थ्य व्यवस्था भी दुरुस्त

परीक्षा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए यातायात पुलिस को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। परीक्षा केंद्र क्षेत्रों में जाम की स्थिति नहीं बनने देने के निर्देश दिए गए हैं।निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए विद्युत विभाग को परीक्षा केंद्रों पर लगातार बिजली उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। वहीं, जिला नियंत्रण कक्ष और सदर अस्पताल में एंबुलेंस तथा चिकित्सकीय टीम जीवनरक्षक दवाओं के साथ तैयार रहेगी।

__13 स्थायी, 20 जोनल और 2 उड़नदस्ता दल रहेंगे तैनात

विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में 13 स्थायी दंडाधिकारी सह प्रेक्षक, 20 जोनल दंडाधिकारी सह समन्वय प्रेक्षक तथा 2 उड़नदस्ता दंडाधिकारी की तैनाती की जाएगी। इनके साथ पुलिस पदाधिकारी और जवान भी मौजूद रहेंगे।परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में अनुमंडल दंडाधिकारी द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की जाएगी। साथ ही परीक्षा अवधि तक आसपास की फोटो कॉपी दुकानों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है।परीक्षा के सफल संचालन की पूरी जिम्मेदारी अपर समाहर्ता सह अपर जिला दंडाधिकारी बक्सर के वरीय प्रभार में रहेगी। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी परीक्षा अवधि में लगातार क्षेत्र भ्रमण कर सभी केंद्रों की निगरानी करेंगे।