डीएम साहिला का सख्त तेवर, लापरवाह अफसरों पर कार्रवाई की तैयारी
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति, मद्य निषेध, भू-विवाद, विधि व्यवस्था, खनन, नीलाम पत्र, लोक शिकायत एवं लोक सेवा अधिकार से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा के दौरान लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया।

_बैठक से गायब चार अधिकारियों से मांगा गया जवाब, शहर को _ जाम-अतिक्रमण मुक्त कराने और भूमि विवाद निपटारे पर जोर
केटी न्यूज/बक्सर
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति, मद्य निषेध, भू-विवाद, विधि व्यवस्था, खनन, नीलाम पत्र, लोक शिकायत एवं लोक सेवा अधिकार से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा के दौरान लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया। बिना किसी सूचना के बैठक से अनुपस्थित पाए गए चार अधिकारियों से कारण पृच्छा करने का निर्देश दिया गया है।बैठक से कार्यपालक अभियंता लोक स्वास्थ्य प्रमंडल बक्सर, कार्यपालक अभियंता स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन बक्सर, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा एवं अधीक्षक मद्य निषेध अनुपस्थित मिले।

डीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया।बैठक में आगामी चोल मुंडन कार्यक्रम एवं सिपाही भर्ती परीक्षा को देखते हुए यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी करने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर को दिया गया। शहर में सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार करने पर जोर दिया गया। वहीं नगर परिषद बक्सर के प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी को शहर में लगाए गए सभी सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त एवं क्रियाशील रखने का निर्देश दिया गया।भूमि विवादों के समाधान को लेकर डीएम ने कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं में भू-समाधान पोर्टल के माध्यम से मामलों का त्वरित निष्पादन शामिल है।

उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को अंचल स्तर पर साप्ताहिक बैठक कर भूमि विवादों की समीक्षा करने तथा प्राप्त शिकायतों को शत-प्रतिशत पोर्टल पर दर्ज कर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। संवेदनशील मामलों पर विशेष नजर रखते हुए तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।नीलाम पत्र वादों की समीक्षा के दौरान डीएम ने बड़े बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाने और बॉडी वारंट के अनुपालन में तेजी लाने का निर्देश दिया। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर तथा डुमरांव को प्रत्येक 15 दिन पर नीलाम पत्र मामलों की समीक्षा करने को कहा गया।सड़क सुरक्षा को लेकर नगर परिषद क्षेत्र में जाम की समस्या वाले स्थानों को चिन्हित कर त्वरित प्रतिक्रिया दल गठित करने का निर्देश दिया गया।

सड़क किनारे बालू, गिट्टी जैसी निर्माण सामग्री रखने से उत्पन्न हो रही जाम की समस्या पर डीएम ने नाराजगी जताई और जिला खनन पदाधिकारी को ऐसी सामग्रियों को तत्काल हटवाने का निर्देश दिया।शहर को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए सघन अभियान चलाने और आगामी पर्वों को देखते हुए यातायात प्रबंधन के लिए रूट चार्ट तैयार करने का भी निर्देश दिया गया।लोक शिकायत निवारण अधिनियम की समीक्षा के दौरान सभी अंचलाधिकारियों को लंबित मामलों का तेजी से निष्पादन करने को कहा गया। साथ ही लोक शिकायत केंद्र पर प्राप्त ऑफलाइन आवेदनों का भी समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने आईटी प्रबंधक को पूरे कार्य की नियमित निगरानी करने को कहा।

