डंडे की चोट से बुझ गई सोनम की जिंदगी, पति के गुस्से ने उजाड़ा परिवार, दो मासूमों के सिर से उठा मां का साया

केटी न्यूज/बक्सर जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के मदन डेरा गांव में घरेलू विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि एक महिला की जान चली गई और दो छोटे बच्चों की दुनिया उजड़ गई। रविवार को हुए इस दर्दनाक घटना में गुस्से में आए पति ने अपनी पत्नी को डंडे से इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

डंडे की चोट से बुझ गई सोनम की जिंदगी, पति के गुस्से ने उजाड़ा परिवार, दो मासूमों के सिर से उठा मां का साया

मृतका की पहचान सोनम देवी (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति सोनेलाल यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बताया जाता है कि रविवार को किसी घरेलू बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ था। शुरुआत में यह सामान्य झगड़े की तरह था, लेकिन देखते-देखते मामला इतना बढ़ गया कि गुस्से में बेकाबू पति ने डंडा उठाकर पत्नी पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोनेलाल ने सोनम पर लगातार कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।

सूचना मिलने के बाद इटाढ़ी थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय भी घटनास्थल पर पहुंचे। उनके नेतृत्व में एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए, ताकि मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा सके।

जानकारी के अनुसार मृतका का मायका धनसोई गांव में है। बताया जाता है कि सोनेलाल अपने माता-पिता और भाई से अलग रहकर पत्नी और बच्चों के साथ जीवन यापन करता था। दंपति के दो छोटे बच्चे हैंकृएक पांच वर्ष का बेटा और तीन वर्ष की बेटी। मां की अचानक हुई मौत से दोनों मासूमों के सिर से स्नेह का साया उठ गया है। गांव में यह दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।

ग्रामीणों का कहना है कि पारिवारिक विवाद अक्सर होते रहते थे, लेकिन किसी को यह अंदाजा नहीं था कि एक दिन यह विवाद इतना भयावह रूप ले लेगा। घटना के बाद गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

इटाढ़ी थाना के थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि आरोपी पति सोनेलाल यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि अभी तक इस मामले में किसी परिजन की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। वहीं इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि घरेलू विवाद जब हिंसा में बदलता है, तो उसका सबसे बड़ा खामियाजा अक्सर परिवार और मासूम बच्चों को ही भुगतना पड़ता है।