मरम्मत की खानपूरी के बीच डेंजर बना डुमरांव का स्टेशन रोड, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

केटी न्यूज/डुमरांव डुमरांव का स्टेशन रोड राजनीति का शिकार हो किसी बड़े सड़क हादसे को न्योता दे रहा है। पक्ष व विपक्ष के बीच डुमरांव के शहरी क्षेत्र का लाइफ-लाइन माने जाने वाली इस सड़क के मरम्मत का श्रेय लेने की होड़ मची रही।

मरम्मत की खानपूरी के बीच डेंजर बना डुमरांव का स्टेशन रोड, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

इस बीच छह माह में भी चार किलोमीटर लंबी इस सड़क का मरम्मत कार्य पूरा नहीं हो सका, अलब्तता अब सड़क मरम्मत करने वाला संवेदक खुद फरार हो गया है। पिछले एक महीने से अधिक समय से इस पथ पर मरम्मत कार्य ठप पड़ा है। इस दौरान कई जगहों पर आधा-अधूरा मरम्मत किया गया है तो कई जगहों को यूं ही छोड़ दिया गया है। जिससे स्टेशन रोड में परिचालन बाधित हो रहा है तथा जाम की समस्या पहले से भी गंभीर हो गई है। 

-- दलित बस्ती के पास धंसने लगी है पीसीसी सड़क

बता दें कि राज हाई स्कूल के समीप दलित बस्ती के सामने पुरानी पीसीसी सड़क जर्जर हो जमींदोज होने लगी है। सड़क के बड़े हिस्से में दरारे उभर आई है तथा ढलाई किया गया कंक्रीट पूरी तरह से टूट गया है, जिस कारण सड़क अब एक छोर से धंसने लगी है। 

बताया जा रहा है कि जिस जगह सड़क का यह हाल हुआ है, वहां लंबे समय से नाली का पानी ओवर फ्लो हो रहा है, जिस कारण सड़क के अंदर दलदली क्षेत्र बनना शुरू हो गया है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि यदि शीघ्र जर्जर हो चुकी सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। 

बहरहाल अधिकारियों व जनप्रतिनिधयों की सुस्ती के बीच जिस जगह पर सड़क धंस रहा है वहां स्थानीय लोगों ने पत्थर रख वाहन चालकों को सावधान करने का प्रयास किया है, हालांकि रात के अंधेरे में यह प्रयास नाकाफी साबित हो सकता है। जिसका परिणाम भयंकर दुर्घटना के रूप में देखने को मिल सकती है। 

-- बेफिक्र बने है जनप्रतिनिधि व संबंधित अधिकारी

बता दें कि सड़क का मरम्मत कार्य शुरू होते ही पूर्व व वर्तमान विधायक के बीच इसका श्रेय लेने की होड़ मची हुई थी। आलम यह था कि चुनाव के समय शहरी क्षेत्र मंे स्टेशन रोड की बदहाली व मरम्मत को लेकर कई तरह की चर्चाएं पक्ष व विपक्ष के द्वारा किया जा रहा था। माना जा रहा है कि डुमरांव के शहरी क्षेत्र में इस पथ की बदहाली विस चुनाव में निर्णायक साबित हुई थी, बावजूद चुनाव बीतने के बाद शहरवासियों को सिर्फ आश्वासनों का घुंट पिलाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नेताओं व जनप्रतिनिधियों ने इस सड़क के मरम्मत के नाम पर सिर्फ राजनीतिक रोटियां ही सेंकी है। सड़क मरम्मत के अभाव में शहरवासियों, व्यवसायियों व छात्रों को हो रही परेशानी का मलाल होता तो अबतक इस पथ का मरम्मत कार्य पूर्ण हो चुका होता। 

वहीं, संबंधित अधिकारी भी इस दिशा में मौन साधे हुए है। जिस कारण पथ का मरम्मत कार्य दुबारा शुरू नहीं हो सका है। 

स्टेशन रोड के जर्जर स्थिति तथा मरम्मत में बरती जा रही लापरवाही से अब शहरवासियों में आक्रोश गहराने लगा है। भाजपा प्रवक्ता शक्ति राय, युवा भाजपा नेता दीपक यादव, व्यवसायी संघ के नेता शत्रुघ्न्न प्रसाद गुप्ता, युवा सामाजिक कार्यकर्ता अजय राय आदि ने स्टेशन रोड की तत्तकाल व समुचित मरम्मत की मांग की है।

इस संबंध में स्थानीय विधायक राहुल कुमार सिंह से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाईल रिसीव नहीं हुआ, जिस कारण उनका पक्ष नहीं लिया जा सका।