__ 77वें संविधान दिवस पर ड्रॉइंग, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित
केटी न्यूज/नावानगर

द एमिटी स्कूल, सोनवर्षा में गुरुवार को 77वां संविधान दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में ड्रॉइंग, आशुभाषण, सेमिनार और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के निदेशक अमरेन्द्र राजेश ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने संविधान, लोकतंत्र, मौलिक अधिकार, कर्तव्य और भारतीय शासन व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी प्रतिभा और विचार प्रस्तुत किए।

कक्षा एलकेजी से दसवीं तक के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छोटे बच्चों ने ड्रॉइंग और फ्लैग क्राफ्टिंग के माध्यम से अपनी रचनात्मकता दिखाई, जबकि बड़े विद्यार्थियों ने लोकतंत्र, समानता, स्वतंत्रता, धर्मनिरपेक्षता, न्यायपालिका, संसद और नागरिक अधिकारों जैसे विषयों पर पक्ष-विपक्ष में तर्क रखे। निदेशक अमरेन्द्र राजेश ने कहा कि संविधान केवल कानूनों का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की आत्मा है। इसके मूल्यों न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को जीवन में अपनाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों का पालन करने की अपील की। विद्यालय की प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर शपथ ली। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यहां प्रतिदिन प्रार्थना सभा में प्रस्तावना का पाठ कराया जाता है। अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता, तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना रहा।



टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।