__ बक्सर में कक्षा छह से आठ तक 44 सीटें खाली, 29 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन; 17 जनवरी को होगी प्रवेश परीक्षा
केटी न्यूज/बक्सर
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को बेहतर शिक्षा और आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की सरकारी योजना का लाभ उठाने का समय अब सीमित रह गया है। बक्सर स्थित अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय में सत्र 2027-28 के नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 29 नवंबर निर्धारित की गई है। इच्छुक छात्राओं के पास आवेदन के लिए अब महज चार दिन शेष हैं। जिला पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण कार्यालय ने अभिभावकों से अंतिम समय का इंतजार किए बिना आवेदन करने की अपील की है। विद्यालय में कक्षा छह से नौ तक कुल 44 सीटें उपलब्ध हैं। इनमें कक्षा छह में सर्वाधिक 40 सीटें, कक्षा सात में एक और कक्षा आठ में तीन सीटें रिक्त हैं। कक्षा नौ में फिलहाल कोई सीट उपलब्ध नहीं है। विद्यालय में छात्राओं को निःशुल्क शिक्षा, आवासन एवं भोजन की सुविधा मिलती है। राज्यभर में ऐसे 39 आवासीय विद्यालय संचालित हैं।

__ आय और उम्र की शर्तें निर्धारित
नामांकन के लिए अभिभावक की वार्षिक आय तीन लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। सीटों में 60 प्रतिशत आरक्षण अति पिछड़ा वर्ग तथा 40 प्रतिशत पिछड़ा वर्ग की छात्राओं के लिए निर्धारित है। आयु की गणना एक अप्रैल 2027 के आधार पर होगी। कक्षा छह के लिए 10-13 वर्ष, सातवीं के लिए 11-14 वर्ष, आठवीं के लिए 12-15 वर्ष और नौवीं के लिए 13-16 वर्ष आयु सीमा तय की गई है। आवेदन में जाति, आय, आवासीय प्रमाणपत्र, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करना अनिवार्य है।

__ 17 जनवरी को प्रवेश परीक्षा
प्रवेश परीक्षा 17 जनवरी 2027 को होगी। 100 अंकों की परीक्षा में हिन्दी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान से 20-20 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि दो घंटे होगी। प्रवेश पत्र 11 जनवरी से डाउनलोड होगा। परिणाम पांच फरवरी, मेधा सूची 12 फरवरी को जारी होगी। नामांकन 15 से 27 फरवरी तक तथा कक्षाएं एक अप्रैल से शुरू होंगी। आवेदन से लेकर परीक्षा और नामांकन तक पूरी प्रक्रिया निःशुल्क है। तकनीकी परेशानी होने पर अभिभावक विद्यालय के नोडल पदाधिकारी अथवा कल्याण कार्यालय से सहायता ले सकते हैं।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।