__ 24 नवंबर को श्री ठाकुरजी महाराज का मनेगा भव्य वार्षिकोत्सव, देशभर के संत-महात्माओं का होगा समागम; चार माह से अखंड रूप में चल रहा मानस पाठ और दशकों पुराना हरिनाम संकीर्तन बना आकर्षण
केटी न्यूज/डुमरांव :
कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धा और भक्ति के विराट संगम का साक्षी बनने के लिए श्री ठाकुरजी धाम कंजिया सजने लगा है। आगामी 24 नवंबर को आयोजित होने वाले श्री ठाकुरजी महाराज के वार्षिकोत्सव को लेकर धाम में धार्मिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ लक्ष्मीनारायण सह रूद्रचंडी महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। महायज्ञ की शुरुआत के साथ ही पूरा धाम भक्तिरस में डूब गया है। संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं के आगमन से यहां उत्सवी माहौल बनने लगा है।
वार्षिकोत्सव की खास बात यह है कि धाम में पिछले चार महीनों से लगातार मानस पाठ का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, दशकों से अनवरत जारी हरिनाम संकीर्तन यहां की आध्यात्मिक परंपरा और विशिष्ट पहचान बना हुआ है। जिले की चर्चित कीर्तन मंडलियों के कलाकार अपनी मधुर राममयी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर रहे हैं।
मंदिर प्रबंधकारिणी समिति से जुड़े वैकुंठवासी शिव चैतन्य ब्रह्मचारी जी महाराज के पुत्र ठुन्नु उपाध्याय ने बताया कि विद्वान वैदिक आचार्यों के सानिध्य में लक्ष्मीनारायण सह रूद्रचंडी महायज्ञ शुरू कराया गया है। वार्षिकोत्सव में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से संत-महात्मा, धर्माचार्य और श्रद्धालु पहुंचेंगे। महायज्ञ के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे, जिनमें बड़ी संख्या में भक्तों की भागीदारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि वार्षिकोत्सव को लेकर धाम परिसर की साफ-सफाई, सजावट और पहुंच मार्ग को व्यवस्थित करने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो
गौरतलब है कि श्री ठाकुरजी धाम कंजिया में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर ठाकुरजी महाराज का दर्शन-पूजन करते हैं। इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है
महायज्ञ, मानस पाठ और हरिनाम संकीर्तन के बीच कंजिया धाम एक बार फिर भक्ति और आध्यात्मिक चेतना के बड़े केंद्र के रूप में अपनी पहचान कायम करने को तैयार है।



टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।