__ संध्या से उषा अर्घ्य तक घाटों पर मुस्तैद रही पुलिस, भीड़ प्रबंधन और विधि-व्यवस्था पर रखी गई पैनी नजर
केटी न्यूज/डुमरांव।
छठ महापर्व के दौरान श्रद्धा और आस्था के सैलाब के बीच शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रही। खासकर नगर परिषद डुमरांव के विस्तारित क्षेत्रों में स्थित छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने विशेष सतर्कता बरती। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने स्वयं मोर्चा संभाला और संध्या अर्घ्य से लेकर उषा अर्घ्य तक विभिन्न घाटों पर पहुंचकर पुलिस की निगरानी व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

नगर परिषद के विस्तारित इलाकों में छठ पर्व के आयोजन को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई थी। थानाध्यक्ष चंदन कुमार पुलिस बल के साथ अलग-अलग घाटों पर लगातार भ्रमण करते रहे। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन, घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ तथा विधि-व्यवस्था की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने और किसी भी परिस्थिति में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।

संध्या अर्घ्य के दौरान अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाटों पर व्रतियों और उनके परिजनों की भारी भीड़ जुटी। वहीं, सोमवार की अहले सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के समय भी पुलिस की सक्रियता बनी रही। दोनों महत्वपूर्ण अवसरों पर थानाध्यक्ष स्वयं घाटों पर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों की निगरानी करते रहे।

पुलिस की इस सक्रियता से विस्तारित क्षेत्रों के छठ घाटों पर सुरक्षा का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने भी शांतिपूर्ण वातावरण में लोक आस्था के महापर्व के अनुष्ठान संपन्न किए। पर्व के दौरान पुलिस की लगातार मौजूदगी ने यह संदेश दिया कि भीड़भाड़ वाले धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सजग है।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।