__ डीडीसी निहारिका छवि ने व्यापार मंडल में किया अधिप्राप्ति कार्य का उद्घाटन, छोटे व सीमांत किसानों को प्राथमिकता देने का निर्देश; साधारण धान का समर्थन मूल्य 2441 और ग्रेड-ए का 2461 रुपये प्रति क्विंटल
केटी न्यूज/डुमरांव।
खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के तहत बक्सर जिले में सरकारी धान अधिप्राप्ति अभियान का रविवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। डुमरांव व्यापार मंडल में आयोजित कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्रीमती निहारिका छवि ने धान खरीद कार्य का उद्घाटन किया। पहले ही दिन व्यापार मंडल द्वारा 56 क्विंटल धान की खरीदारी किए जाने से इस वर्ष अधिप्राप्ति अभियान की अच्छी शुरुआत के संकेत मिले हैं।

इस अवसर पर डीडीसी ने कहा कि सरकारी धान अधिप्राप्ति व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना तथा बाजार में कीमतों के उतार-चढ़ाव से होने वाले आर्थिक नुकसान से बचाना है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे बिचौलियों के बजाय निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने नजदीकी पैक्स एवं व्यापार मंडलों में धान की बिक्री कर सरकारी योजना का लाभ उठाएं।

उन्होंने बताया कि बक्सर जिले में निबंधित किसानों से 15 नवंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक पैक्स एवं व्यापार मंडलों के माध्यम से धान की खरीद की जाएगी। सरकार ने साधारण धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल तथा ग्रेड-ए धान का समर्थन मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।

डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अधिप्राप्ति अभियान के शुरुआती चरण में छोटे एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि उन्हें समय रहते सरकारी व्यवस्था का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि धान खरीद की पूरी प्रक्रिया विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से संचालित होनी चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने किसानों को धान बिक्री के बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान सुनिश्चित कराने पर भी विशेष जोर दिया। कहा कि भुगतान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। समयबद्ध भुगतान और सुगम खरीद व्यवस्था से अधिकाधिक किसान सरकारी अधिप्राप्ति अभियान से जुड़ेंगे। इसके साथ ही उन्होंने अधिप्राप्ति केंद्रों पर किसानों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उन्हें खरीद प्रक्रिया की पूरी जानकारी देने का निर्देश दिया।

पहले दिन 56 क्विंटल धान की खरीदारी को अभियान की सकारात्मक शुरुआत माना जा रहा है। अब किसानों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि निर्धारित समय के भीतर उनकी उपज की खरीद और भुगतान की प्रक्रिया कितनी सुचारु रहती है।
कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता बक्सर, वरीय उप समाहर्ता सह नोडल पदाधिकारी (अधिप्राप्ति), जिला सहकारिता पदाधिकारी, अपर जिला प्रबंधक एसएफसी, वरीय सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, डुमरांव व्यापार मंडल अध्यक्ष अशोक सिंह सहित विभिन्न पैक्सों के अध्यक्ष, प्रबंधक एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।



टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।