डुमरांव में अपराधियों की हर चाल पर पुलिस का पहरा,

डुमरांव में लगातार सामने आई उचक्कागिरी और बैंक ग्राहकों से लूट की घटनाओं के बाद पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। सोमवार को डुमरांव पुलिस ने क्षेत्र के करीब एक दर्जन बैंकों में विशेष सुरक्षा जांच अभियान चलाकर अपराधियों को साफ संदेश दे दिया कि अब बैंक परिसरों के आसपास जरा सी भी संदिग्ध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डुमरांव में अपराधियों  की हर चाल पर पुलिस का पहरा,

__ डुमरांव थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक दर्जन बैंकों में अचानक चलाया गया जांच अभियान, ग्राहकों को भी दी गई सख्त चेतावनी

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव में लगातार सामने आई उचक्कागिरी और बैंक ग्राहकों से लूट की घटनाओं के बाद पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। सोमवार को डुमरांव पुलिस ने क्षेत्र के करीब एक दर्जन बैंकों में विशेष सुरक्षा जांच अभियान चलाकर अपराधियों को साफ संदेश दे दिया कि अब बैंक परिसरों के आसपास जरा सी भी संदिग्ध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।एसडीपीओ पोलस्त कुमार के निर्देशन में थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम अचानक विभिन्न बैंक शाखाओं में पहुंची। निरीक्षण के दौरान बैंक परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्डों की तैनाती और आने-जाने वाले लोगों की निगरानी व्यवस्था की गहन जांच की गई।

कई जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों को स्पष्ट तौर पर कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत थाने को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। जांच के दौरान उन लोगों पर भी विशेष नजर रखी गई जो बिना कारण बैंक परिसर में घूमते पाए गए। पुलिस ने साफ कर दिया कि मुंह ढककर किसी को भी बैंक में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।दरअसल, हाल के दिनों में बैंक से रुपये निकालकर लौट रहे ग्राहकों को अपराधियों द्वारा निशाना बनाए जाने की कई घटनाएं सामने आई थीं। इन घटनाओं ने आम लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया था। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन मामलों का खुलासा कर छपरा के पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

गिरफ्तार अपराधियों के पास से लाखों रुपये नकद भी बरामद किए गए थे।इसके बावजूद पुलिस किसी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं है। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बैंक परिसरों के आसपास लगातार गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि बड़ी रकम निकालने के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतें और जरूरत पड़ने पर पुलिस सहायता लेने में संकोच न करें।पुलिस की इस सघन कार्रवाई के बाद बैंक कर्मियों और ग्राहकों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है। वहीं अपराधियों में भी पुलिस की सक्रियता से हड़कंप मचा हुआ है।