लंबित मामलों पर सख्ती, डुमरांव अंचल कार्यालय में एडीएम का औचक निरीक्षण

डुमरांव अंचल कार्यालय में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एडीएम (राजस्व) अरुण कुमार अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों और ऑनलाइन सेवाओं की स्थिति की गहन समीक्षा की।

लंबित मामलों पर सख्ती, डुमरांव अंचल कार्यालय में एडीएम का औचक निरीक्षण

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव अंचल कार्यालय में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एडीएम (राजस्व) अरुण कुमार अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों और ऑनलाइन सेवाओं की स्थिति की गहन समीक्षा की। इस दौरान अंचलाधिकारी कुमार दिनेश समेत सभी कर्मचारी मौजूद रहे।एडीएम ने विशेष रूप से दाखिल-खारिज, ई-मापी और परिमार्जन से जुड़े लंबित आवेदनों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि हड़ताल के कारण बड़ी संख्या में मामले लंबित हो गए हैं, लेकिन अब किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।निरीक्षण के दौरान एडीएम ने अतिक्रमण वाद, न्यायालय से प्राप्त आदेशों और लोक शिकायत निवारण से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समय सीमा के भीतर आदेशों का अनुपालन नहीं होने से आम लोगों को परेशानी होती है, इसलिए सभी मामलों का त्वरित निष्पादन जरूरी है।एडीएम ने अभियान बसेरा के तहत चल रहे कार्यों में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए।

साथ ही सहयोग शिविरों में प्राप्त आवेदनों को भी गंभीरता से लेने को कहा गया।उन्होंने कार्यालय के अभिलेखों और ऑनलाइन पोर्टल की जांच करते हुए कर्मचारियों को कार्य संस्कृति में सुधार लाने की नसीहत दी। निरीक्षण के दौरान कार्यालय कर्मियों में पूरे समय हलचल बनी रही। एडीएम ने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।