कसिया के रिशु ने पटना में लहराया परचम, इंटर-कॉलेज निबंध प्रतियोगिता में बने अव्वल

डुमरांव अनुमंडल के कसिया गांव की मिट्टी में पले-बढ़े छात्र रिशु कुमार गुप्ता ने अपनी लेखनी और विचारों की ताकत से जिले का नाम रोशन किया है। पटना के बीएन कॉलेज में अध्ययनरत रिशु ने गांधी संग्रहालय, पटना की ओर से आयोजित इंटर-कॉलेज निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

कसिया के रिशु ने पटना में लहराया परचम, इंटर-कॉलेज निबंध प्रतियोगिता में बने अव्वल

__ बीएन कॉलेज के छात्र ने लेखनी और विचारों के दम पर हासिल किया प्रथम स्थान, गांधी जयंती पर राज्यपाल ने किया सम्मानित

केटी न्यूज/डुमरांव।

डुमरांव अनुमंडल के कसिया गांव की मिट्टी में पले-बढ़े छात्र रिशु कुमार गुप्ता ने अपनी लेखनी और विचारों की ताकत से जिले का नाम रोशन किया है। पटना के बीएन कॉलेज में अध्ययनरत रिशु ने गांधी संग्रहालय, पटना की ओर से आयोजित इंटर-कॉलेज निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता में अव्वल आना रिशु के लिए ही नहीं, बल्कि उनके परिवार, शिक्षकों और गांव के लिए भी गौरव का विषय बन गया है।महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर युवाओं में रचनात्मकता, वैचारिक क्षमता और गांधीवादी मूल्यों के प्रति समझ विकसित करने के उद्देश्य से गांधी संग्रहालय की ओर से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था।

भाषण, क्विज, पेंटिंग और निबंध लेखन जैसी प्रतियोगिताओं में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। निबंध प्रतियोगिता में रिशु ने अपने प्रभावशाली लेखन, विषय की गहरी समझ और विचारों की स्पष्ट प्रस्तुति से निर्णायकों का ध्यान खींचा और प्रथम स्थान प्राप्त किया।गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को गांधी संग्रहालय, पटना में आयोजित सम्मान समारोह में रिशु को उनकी उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैय्यद अता हसनैन रहे। गांधी संग्रहालय के सचिव डॉ. राजी अहमद और संयुक्त सचिव आसिफ वासी ने रिशु को प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी प्रदान की।

इसके साथ ही उन्हें महात्मा गांधी के जीवन एवं विचारों पर आधारित पांच पुस्तकें भी भेंट की गईं।समारोह में रिशु की प्रतिभा की सराहना करते हुए अतिथियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही युवाओं से महात्मा गांधी के विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया गया।रिशु की इस उपलब्धि की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों, शिक्षकों और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बीच गांव के छात्र ने अपनी प्रतिभा के दम पर जिस मुकाम को हासिल किया है, वह क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायी है।