अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में नामांकन के लिए आवेदन 20 मार्च तक

अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, बिहार, पटना द्वारा संचालित अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय दरभंगा एवं किशनगंज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं और 11वीं (कला एवं विज्ञान संकाय) में नामांकन हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक छात्र-छात्राएं ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों माध्यमों से 20 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं।

अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में नामांकन के लिए आवेदन 20 मार्च तक

केटी न्यूज/बक्सर

अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, बिहार, पटना द्वारा संचालित अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय दरभंगा एवं किशनगंज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं और 11वीं (कला एवं विज्ञान संकाय) में नामांकन हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक छात्र-छात्राएं ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों माध्यमों से 20 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं।विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार इन विद्यालयों में नामांकन राज्य स्तरीय प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। प्रवेश परीक्षा 1 अप्रैल को आयोजित होगी, जबकि परीक्षा परिणाम 15 अप्रैल को प्रकाशित किया जाएगा। परीक्षा केंद्र संबंधित जिलों में बनाए जाएंगे।

विद्यालयों में पढ़ाई बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के पाठ्यक्रम के अनुसार होगी तथा कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा भी बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा ही आयोजित की जाएगी।अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों का उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना है। यहां विद्यार्थियों को मुफ्त शिक्षा के साथ-साथ आवासीय सुविधा भी प्रदान की जाती है। विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भोजन, स्कूल ड्रेस, जूते, पठन-पाठन की सामग्री सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।

विद्यालयों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त कक्षाएं, कॉमन रूम, पुस्तकालय, प्रयोगशाला तथा स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था उपलब्ध है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।नामांकन के लिए आवेदन पत्र के साथ कुछ आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा। इनमें अंचलाधिकारी द्वारा निर्गत आय एवं आवासीय प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक योग्यता से संबंधित प्रमाण-पत्र अथवा अंक-पत्र की स्वअभिप्रमाणित प्रति, आवेदक के तीन पासपोर्ट साइज अभिप्रमाणित फोटोग्राफ, जन्म प्रमाण-पत्र या शपथ-पत्र तथा आधार कार्ड की स्वअभिप्रमाणित प्रति शामिल है।

इच्छुक अभ्यर्थी अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, बिहार की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉग इन कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा ऑफलाइन आवेदन पत्र भी संबंधित जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय में जमा किया जा सकता है।विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन की प्रति संबंधित जिले के जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय में कार्यालय अवधि के दौरान 20 मार्च की शाम 5 बजे तक जमा करना अनिवार्य होगा। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।