गणित परीक्षा में अनुशासन की मिसाल, एक भी परीक्षार्थी निष्कासित नहीं
वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 के तहत बक्सर जिले में आयोजित गणित विषय की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में संपन्न हुई। जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार दोनों पालियों में परीक्षार्थियों की उपस्थिति संतोषजनक रही तथा किसी भी केंद्र से कदाचार या निष्कासन की कोई सूचना नहीं मिली।
केटी न्यूज/बक्सर
वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 के तहत बक्सर जिले में आयोजित गणित विषय की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में संपन्न हुई। जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार दोनों पालियों में परीक्षार्थियों की उपस्थिति संतोषजनक रही तथा किसी भी केंद्र से कदाचार या निष्कासन की कोई सूचना नहीं मिली।प्रथम पाली में कुल 13,279 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 13,138 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। केवल 141 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। विशेष बात यह रही कि इस पाली में एक भी परीक्षार्थी को निष्कासित नहीं किया गया, जो प्रशासनिक सख्ती और केंद्रों पर बेहतर निगरानी का परिणाम माना जा रहा है।

वहीं द्वितीय पाली में कुल 12,128 परीक्षार्थियों में से 11,972 उपस्थित रहे, जबकि 156 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। इस पाली में भी निष्कासन की संख्या शून्य रही। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 25,407 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 25,110 ने परीक्षा दी, जबकि 297 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। साथ ही उड़नदस्ता दल द्वारा लगातार निरीक्षण किया गया। केंद्राधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि किसी भी स्थिति में अनुशासन से समझौता नहीं किया जाए।

जिला नियंत्रण कक्ष लगातार सभी केंद्रों से संपर्क में रहा और समय-समय पर स्थिति की समीक्षा की गई। प्रशासनिक सख्ती और परीक्षार्थियों के अनुशासन के कारण परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी।गणित जैसे महत्वपूर्ण विषय की परीक्षा बिना किसी निष्कासन के संपन्न होना न केवल छात्रों के लिए राहत की बात है, बल्कि जिले की शिक्षा व्यवस्था के लिए भी सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

