पुलिस की मुस्तैदी से घंटेभर में बरामद हुई चोरी गई दो भैंस
राजपुर थाना क्षेत्र के सरेंजा गांव में पशु चोरी की वारदात को पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने नाकाम कर दिया। किसान मनोज यादव के दरवाजे से चोरी हुई दो भैंसों को पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में बरामद कर लिया। इस कार्रवाई से जहां चोरों के मंसूबों पर पानी फिर गया, वहीं ग्रामीणों में पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।
केटी न्यूज/राजपुर
राजपुर थाना क्षेत्र के सरेंजा गांव में पशु चोरी की वारदात को पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने नाकाम कर दिया। किसान मनोज यादव के दरवाजे से चोरी हुई दो भैंसों को पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में बरामद कर लिया। इस कार्रवाई से जहां चोरों के मंसूबों पर पानी फिर गया, वहीं ग्रामीणों में पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात मनोज यादव ने रोज की तरह पशुओं को चारा-पानी देकर दरवाजे पर बांध दिया था। देर रात अज्ञात चोर अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों भैंस खोल ले गए। कुछ देर बाद नींद खुलने पर जब भैंसें गायब मिलीं तो किसान के होश उड़ गए। परिजनों और पड़ोसियों के साथ उन्होंने तत्काल खोजबीन शुरू की, लेकिन गांव में कोई सुराग नहीं मिला।

इसी दौरान खोजते-खोजते वे मुख्य सड़क की ओर पहुंचे, जहां गश्ती पर निकले थानाध्यक्ष निवास कुमार की नजर उन पर पड़ी। पूछताछ में चोरी की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। किसान को साथ लेकर पुलिस टीम ने संभावित मार्गों पर घेराबंदी करते हुए तलाश शुरू की।चौसा-मोहनिया मार्ग पर सोनपा पुल के समीप दबाव बढ़ता देख चोर भैंसों को छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस ने दोनों भैंस सुरक्षित बरामद कर किसान को सौंप दिया।ग्रामीणों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि यदि इसी तरह गश्त और कार्रवाई जारी रही तो क्षेत्र में पशु चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा। इस घटना ने साफ कर दिया है कि सक्रिय पुलिसिंग से अपराधियों के हौसले पस्त किए जा सकते हैं।

