__ अहिल्या धाम, लक्ष्मी नारायण मंदिर और अंजनी सरोवर समेत प्रमुख तीर्थ स्थलों का लिया जायजा; श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बुनियादी व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त करने का निर्देश
केटी न्यूज/बक्सर।
आगामी पंचकोशी परिक्रमा मेला के सफल, सुव्यवस्थित और सुरक्षित आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा ने विभिन्न प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों के साथ पंचकोशी परिक्रमा मार्ग के प्रमुख तीर्थ स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी संसाधनों की उपलब्धता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विधायक ने अहिरौली स्थित प्रसिद्ध अहिल्या धाम मंदिर, चरित्रवन स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर, बड़का नुआंव के अंजनी सरोवर समेत पंचकोशी परिक्रमा के अन्य महत्वपूर्ण धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से इन स्थानों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ के मद्देनजर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, यातायात और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही परिक्रमा मार्गों की मरम्मत और आवागमन को सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया।

इससे पूर्व विधायक ने बक्सर स्थित प्रणव चटर्जी महाविद्यालय (पीसी कॉलेज) का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पांडेयपट्टी रेलवे गुमटी से पीसी कॉलेज तक रिहायशी मकानों के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के विद्युत तारों की स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने इस गंभीर समस्या को लेकर संबंधित विद्युत अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए सुरक्षा के दृष्टिकोण से उचित कार्रवाई करने को कहा। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, सिविल सर्जन, ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता, डीएसपी मुख्यालय, औद्योगिक थाना प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

विधायक आनंद मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पंचकोशी मेला शुरू होने से पहले सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं। श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल, बेहतर चिकित्सा सुविधा, साफ-सुथरा वातावरण, पर्याप्त रोशनी, सुचारु यातायात और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने की हिदायत भी दी। विधायक ने कहा कि पंचकोशी मेला बक्सर की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान का महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे में यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। प्रशासन की जिम्मेदारी है कि श्रद्धालुओं को परिक्रमा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। उक्त जानकारी भाजपा बक्सर के मीडिया प्रभारी उमाशंकर राय ने दी।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।