राजपुर में विकास योजनाओं की हुई व्यापक समीक्षा, समयसीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश
प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभाकक्ष में शुक्रवार को प्रखंड स्तर पर संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी अभिषेक पाठक ने की।

केटी न्यूज/राजपुर :
प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभाकक्ष में शुक्रवार को प्रखंड स्तर पर संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी अभिषेक पाठक ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली गई और लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया।बैठक के दौरान अधिकारियों ने विभागवार समीक्षा करते हुए सबसे पहले उपस्थित पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रगति एवं जमीनी स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बीडीओ मनोज कुमार ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी विकास कार्य में अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि लंबित योजनाओं का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें तथा कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें।बैठक में यह भी कहा गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि विकास योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचे। अधिकारियों को नियमित रूप से योजनाओं की निगरानी करने तथा प्रगति रिपोर्ट अद्यतन रखने का भी निर्देश दिया गया।

इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में संचालित योजनाओं, उपलब्धियों एवं लंबित कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में कृषि, स्वास्थ्य, कल्याण, स्वच्छता सहित अन्य विभागों के कार्यों की भी समीक्षा की गई।बैठक में प्रखंड कृषि पदाधिकारी ऋषिकेश यादव, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुन्ना सिंह, कल्याण पदाधिकारी ज्ञानू प्रताप सिंह, स्वच्छता समन्वयक रूपेश सिंह सहित प्रखंड के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

