राज हाई स्कूल में प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, प्रतियोगी परीक्षा के विजेताओं को मिले प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार
प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से डुमरांव नगर परिषद की ओर से राज हाई स्कूल परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वतंत्रता दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

__ नगर परिषद की पहल से आयोजित समारोह में छात्रों की रचनात्मक क्षमता को मिला मंच, अधिकारियों ने कहा— ऐसी प्रतियोगिताएं भविष्य निर्माण की मजबूत आधारशिला
केटी न्यूज/डुमरांव
प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से डुमरांव नगर परिषद की ओर से राज हाई स्कूल परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वतंत्रता दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर परिषद की नगर प्रबंधक स्तुति सिन्हा ने विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि प्रतिभा को सही समय पर प्रोत्साहन मिलना बेहद जरूरी है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।विद्यालय के प्राचार्य अनुराग मिश्रा ने समारोह का संचालन करते हुए बताया कि नगर आवास एवं आवास विभाग के तत्वावधान में 20 जुलाई को चित्रकला, निबंध लेखन और क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इन प्रतियोगिताओं में करीब 100 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन विशेषज्ञों द्वारा किया गया, जिन्हें सम्मान समारोह में पुरस्कृत किया गया।चित्रकला प्रतियोगिता में विंध्यवासिनी कुमारी ने प्रथम, मानसी कुमारी ने द्वितीय तथा अश्विनी अनमोल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। राम्या राय को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। निबंध प्रतियोगिता में सत्यप्रकाश प्रथम, विंध्यवासिनी कुमारी द्वितीय तथा खुशी यादव तृतीय स्थान पर रहीं।

वहीं क्विज प्रतियोगिता में मुनीब कुमार ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि सत्यप्रकाश कुमार दूसरे और प्रीतम तीसरे स्थान पर रहे।समारोह के दौरान सभी विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करेंगे और उन्हें शिक्षा के साथ रचनात्मक गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम के अंत में अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को पहचान दिलाने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

