डुमरांव में पेपर लीक पर छात्रों का हुंकार, शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उठी मांग
प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों को लेकर छात्रों का आक्रोश शुक्रवार को डुमरांव की सड़कों पर दिखाई दिया। छात्र राष्ट्रीय जनता दल (छात्र राजद) के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र-युवाओं ने विरोध मार्च निकालकर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की।


__ छात्र राजद के बैनर तले निकला विरोध मार्च, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे समेत कई मांगों को लेकर सौंपा संदेश
केटी न्यूज/डुमरांव
प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों को लेकर छात्रों का आक्रोश शुक्रवार को डुमरांव की सड़कों पर दिखाई दिया। छात्र राष्ट्रीय जनता दल (छात्र राजद) के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र-युवाओं ने विरोध मार्च निकालकर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुआ।राजगढ़ चौक से शुरू हुआ विरोध मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुराने नगर भवन सभागार के समीप पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई। पूरे मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी केंद्र और राज्य सरकार की शिक्षा नीतियों के खिलाफ नारे लगाते रहे।

सभा को संबोधित करते हुए छात्र नेताओं ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों युवाओं का भविष्य संकट में पड़ गया है। प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं, जिससे छात्रों में निराशा और असंतोष बढ़ रहा है।छात्र नेताओं ने परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने, कथित रूप से जिम्मेदार एजेंसियों को भंग करने, नई शिक्षा नीति की समीक्षा करने, आंदोलनरत छात्रों पर पुलिस कार्रवाई रोकने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन किसी दल विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता बचाने की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान कुछ तख्तियां भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रहीं। इनमें लिखे संदेशों के माध्यम से छात्रों ने अपनी नाराजगी और व्यवस्था के प्रति असंतोष व्यक्त किया। वहीं छात्र नेता लगातार माइक से प्रदर्शनकारियों से अनुशासन बनाए रखने और आम लोगों को असुविधा नहीं होने देने की अपील करते रहे।कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। एएसपी पोलस्त कुमार, डीएसपी पुलिस मुख्यालय तथा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में करीब 150 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। जुलूस मार्ग के विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल मौजूद रहा और पूरे कार्यक्रम की निगरानी करता रहा।

सुरक्षा व्यवस्था और आयोजकों के सहयोग के कारण कहीं भी तनाव या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। यातायात भी सामान्य बनाए रखने का प्रयास किया गया, जिससे शहरवासियों को विशेष परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।प्रदर्शन में युवा राजद के जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार यादव, पूर्व प्रदेश महासचिव अखिलेश सिंह यादव, छात्र नेता मनीष यादव, अर्जुन कुशवाहा, देवेंद्र कुशवाहा, धनजी कुमार, अजय सिंह, विनय ओझा समेत बड़ी संख्या में छात्र-युवा और कार्यकर्ता शामिल रहे।

