मेहनत का मिला मुकाम: सिमरी के लाल अभिषेक गुप्ता बने सप्लाई इंस्पेक्टर, डुमरांव स्टेशन पर उमड़ा बधाई देने वालों का सैलाब

सफलता जब संघर्ष और लगन से मिलती है तो वह केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं रहती, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन जाती है। कुछ ऐसा ही नजारा बुधवार को डुमरांव रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला, जब सिमरी प्रखंड के दुधी पट्टी गांव निवासी अभिषेक गुप्ता के सप्लाई इंस्पेक्टर बनने की खुशी में लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

मेहनत का मिला मुकाम: सिमरी के लाल अभिषेक गुप्ता बने सप्लाई इंस्पेक्टर, डुमरांव स्टेशन पर उमड़ा बधाई देने वालों का सैलाब

__ 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर बढ़ाया जिले का गौरव, संघर्ष और समर्पण की कहानी बनी प्रेरणा

केटी न्यूज/डुमरांव

सफलता जब संघर्ष और लगन से मिलती है तो वह केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं रहती, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन जाती है। कुछ ऐसा ही नजारा बुधवार को डुमरांव रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला, जब सिमरी प्रखंड के दुधी पट्टी गांव निवासी अभिषेक गुप्ता के सप्लाई इंस्पेक्टर बनने की खुशी में लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।शिक्षक रहे स्वर्गीय भगवान गुप्ता के पुत्र अभिषेक गुप्ता ने 70वीं बीपीएससी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता हासिल कर सप्लाई इंस्पेक्टर के पद पर चयनित होकर अपने परिवार, गांव और पूरे बक्सर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि की खबर मिलते ही सिमरी सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल बन गया।

गृह क्षेत्र लौटने के दौरान जब अभिषेक गुप्ता बुधवार की सुबह करीब 11 बजे मगध एक्सप्रेस से डुमरांव रेलवे स्टेशन पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद युवाओं, मित्रों, परिजनों और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। लोगों ने अंगवस्त्र भेंट कर उन्हें सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। स्टेशन परिसर कुछ देर के लिए उत्सव के माहौल में बदल गया।स्वागत के दौरान लोगों ने कहा कि अभिषेक की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा है। सीमित संसाधनों और लगातार मेहनत के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। परिजनों ने बताया कि अभिषेक बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और अपने लक्ष्य को लेकर पूरी तरह समर्पित रहे हैं। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य बनाए रखा और लगातार प्रयास करते हुए यह सफलता हासिल की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अभिषेक की उपलब्धि से गांव के युवाओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। लोगों को उम्मीद है कि वे अपने पद की जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करेंगे।स्वागत समारोह में दीपक यादव, अभिषेक रंजन, संटू मित्रा, मुखिया सिंह कुशवाहा, अंजनी गुप्ता, आशीष गुप्ता, राहुल सूर्यवंशी, डमडम राय, अंकित गुप्ता, धर्मेंद्र केशरी, प्रकाश सिंह, राजा यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने अभिषेक गुप्ता को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल प्रशासनिक भविष्य की कामना की।