दानी कुटिया के पास ट्रकों की कतार ने बढ़ाई परेशानी, दिनभर रेंगता रहा यातायात
चौसा के दानी कुटिया के समीप गुरुवार को यातायात व्यवस्था दिनभर दबाव में रही। सड़क के एक हिस्से में भारी वाहनों की लंबी कतार और दूसरी ओर बारिश के पानी व कीचड़ के कारण वाहनों के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची। नतीजतन, थोड़े-थोड़े अंतराल पर जाम लगता रहा और सड़क से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों के साथ यात्री वाहनों को भी परेशानी उठानी पड़ी।

__ दानी कुटिया के पास ट्रकों की कतार ने बढ़ाई परेशानी, दिनभर रेंगता रहा यातायात
नो-इंट्री में दर्जनों भारी वाहन सड़क पर रुके, कीचड़ और संकरी सड़क ने बढ़ाई जाम की समस्या
केटी न्यूज/चौसा।
चौसा के दानी कुटिया के समीप गुरुवार को यातायात व्यवस्था दिनभर दबाव में रही। सड़क के एक हिस्से में भारी वाहनों की लंबी कतार और दूसरी ओर बारिश के पानी व कीचड़ के कारण वाहनों के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची। नतीजतन, थोड़े-थोड़े अंतराल पर जाम लगता रहा और सड़क से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों के साथ यात्री वाहनों को भी परेशानी उठानी पड़ी।बताया जाता है कि बुधवार को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिले में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर भारी वाहनों को निर्धारित जगहों पर रोक दिया गया था।

बुधवार की देर रात आवागमन शुरू होने के बाद वाहनों की आवाजाही बढ़ी, लेकिन सुबह होते ही नो-इंट्री का समय शुरू हो गया। इसके चलते कई भारी वाहनों को दानी कुटिया के समीप ही रोकना पड़ा। देखते ही देखते सड़क के करीब आधे हिस्से में दर्जनों ट्रक खड़े हो गए।दूसरी ओर सड़क किनारे चाट में बारिश का पानी और कीचड़ जमा होने से वाहन चालकों के लिए जगह और कम हो गई। ऐसे में आमने-सामने या एक साथ वाहनों के निकलने के दौरान जाम की स्थिति उत्पन्न होती रही। जाम में फंसे छोटे वाहन चालक जल्द निकलने के प्रयास में आड़े-तिरछे वाहन निकालने लगे, जिससे कई बार स्थिति और उलझ गई।

इस दौरान कुछ समय के लिए एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही। सूचना मिलते ही मुफस्सिल पुलिस के जवान मौके पर पहुंचते रहे और वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकालकर यातायात सुचारु कराने में जुटे रहे। पुलिस की सक्रियता से जाम को लंबा होने से रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन भारी वाहनों की संख्या और सड़क किनारे जमा कीचड़ के कारण दिनभर आवागमन पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका।

