15 अगस्त की तैयारियों में जुटा प्रशासन, राज हाई स्कूल मैदान से जलनिकासी के निर्देश
स्वतंत्रता दिवस और शहीद दिवस समारोह को भव्य, गरिमामय एवं व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के उद्देश्य से शनिवार को अनुमंडल कार्यालय में एसडीएम राजीव कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 15 अगस्त को होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह तथा 16 अगस्त को आयोजित ऐतिहासिक शहीद दिवस कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

__ 16 अगस्त के शहीद दिवस समारोह को लेकर भी बनी रणनीति, शहीद पार्क में पहली बार तिरंगा फहराने की तैयारी
केटी न्यूज/डुमरांव
स्वतंत्रता दिवस और शहीद दिवस समारोह को भव्य, गरिमामय एवं व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के उद्देश्य से शनिवार को अनुमंडल कार्यालय में एसडीएम राजीव कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 15 अगस्त को होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह तथा 16 अगस्त को आयोजित ऐतिहासिक शहीद दिवस कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और शहीद स्मारक समिति के सदस्यों ने भाग लेकर आवश्यक सुझाव दिए।बैठक में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह स्थल राज हाई स्कूल मैदान की वर्तमान स्थिति प्रमुख मुद्दा रही। हाल की बारिश के कारण मैदान में जलजमाव होने से परेड और अन्य कार्यक्रमों के आयोजन पर असर पड़ने की आशंका जताई गई।

इस पर एसडीएम ने नगर परिषद को तत्काल प्रभाव से जलनिकासी कराने, मैदान का समतलीकरण करने तथा आवश्यक मरम्मत कर उसे समारोह के अनुकूल तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।बैठक में प्रभात फेरी, मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई। विद्यार्थियों की प्रभात फेरी के रूट, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं, स्वतंत्रता दिवस की संध्या पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देशभक्ति की भावना को प्रमुखता देने तथा स्थानीय कलाकारों और छात्र-छात्राओं को मंच उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।

16 अगस्त को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक शहीद दिवस समारोह की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। शहीद स्मारक समिति के सदस्यों ने शहीद पार्क में राष्ट्रीय ध्वज फहराने और पार्क के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव रखा। इस पर एसडीएम ने सकारात्मक सहमति जताते हुए नगर परिषद को शहीद पार्क को गोद लेकर उसके रखरखाव और विकास की जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस वर्ष शहीद पार्क में भी पूरे सम्मान और गरिमा के साथ तिरंगा फहराया जाएगा।बैठक के अंत में एसडीएम ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और समिति सदस्यों के बीच जिम्मेदारियों का विभाजन करते हुए समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस और शहीद दिवस दोनों समारोह डुमरांव की ऐतिहासिक पहचान से जुड़े हैं, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में बीडीओ मोनालिसा प्रियदर्शनी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे, थानाध्यक्ष संजय सिन्हा, समाजसेवी ब्रह्मा ठाकुर, सुभाष शेखर, सोनू राय, शिक्षक अनुराग मिश्र सहित शहीद स्मारक समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

