भोजपुर-सिमरी पथ का नाम स्व. कैलाशपति मिश्र के नाम पर करने की मांग
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने बुधवार को पटना स्थित पथ निर्माण विभाग के मंत्रालय में बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पटना-बक्सर हाईवे से जुड़ी भोजपुर-सिमरी पथ का नाम भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं संगठन के भीष्म पितामह स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र के नाम पर किए जाने की मांग की गई है।

__ भाजपा जिलाध्यक्ष ने पथ निर्माण मंत्री को सौंपा ज्ञापन, सड़क विस्तार से बड़ी आबादी को मिलेगा लाभ
केटी न्यूज/बक्सर
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने बुधवार को पटना स्थित पथ निर्माण विभाग के मंत्रालय में बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पटना-बक्सर हाईवे से जुड़ी भोजपुर-सिमरी पथ का नाम भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं संगठन के भीष्म पितामह स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र के नाम पर किए जाने की मांग की गई है।ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान भोजपुर-सिमरी पथ, जो पथ निर्माण विभाग के अधीन है, का विस्तार करते हुए बड़का राजपुर, छोटका राजपुर, केशोपुर, बड़कागांव, मानसिंह पट्टी और दुधारचक होते हुए पडरी मोड़ तक विकसित किया जाए।

इसके बाद यह मार्ग पुनः पटना-बक्सर हाईवे से जुड़ जाएगा।प्रस्तावित सड़क मार्ग का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा पथ निर्माण विभाग तथा 40 प्रतिशत हिस्सा ग्रामीण सड़क अभियंत्रण विभाग के अंतर्गत आता है।भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि इस सड़क के विकास से क्षेत्र की बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही यह मार्ग उत्तर प्रदेश से आने-जाने वाले लोगों के लिए भी एक महत्वपूर्ण संपर्क पथ के रूप में स्थापित होगा। इससे आवागमन सुगम होने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।ज्ञापन में विशेष रूप से उल्लेख किया गया है कि प्रस्तावित मार्ग पर स्थित दुधारचक गांव स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र का पैतृक गांव है।

ऐसे में उनके योगदान और स्मृति को सम्मान देने के लिए इस सड़क का नाम उनके नाम पर रखा जाना उचित होगा।उन्होंने यह भी बताया कि छोटका राजपुर में स्थित ब्रह्म विद्यालय राष्ट्रीय स्तर का आध्यात्मिक केंद्र है, जहां वर्षभर देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं एवं साधकों का आगमन होता रहता है। सड़क के विस्तार और विकास से इस संस्थान तक पहुंच और अधिक सुगम हो जाएगी।मंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में जनहित को ध्यान में रखते हुए सड़क विस्तार योजना को स्वीकृति प्रदान करने तथा मार्ग का नाम स्व. कैलाशपति मिश्र के नाम पर करने की मांग की गई है।

