__ गंगा की सीढ़ियों पर जमी मिट्टी हटाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का डीएम ने दिया निर्देश, महदेवा व रानी घाट का किया निरीक्षण
केटी न्यूज/चौसा।
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर प्रशासनिक तैयारियों में अब तेजी आने लगी है। गंगा घाटों पर उमड़ने वाली व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने साफ-सफाई से लेकर सुरक्षा इंतजामों तक को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है।

इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी साहिला ने चौसा के महदेवा घाट और नगर पंचायत क्षेत्र के रानी घाट का निरीक्षण कर तैयारियों की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिया कि खरना से पहले सभी छठ घाटों की साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान महदेवा घाट पर डीएम ने गंगा के जलस्तर में कमी के बाद नमामि गंगे परियोजना के तहत निर्मित सीढ़ियों पर जमा मिट्टी और गाद को गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल इसकी सफाई कराने का निर्देश देते हुए कहा कि घाट की सीढ़ियां पूरी तरह साफ और सुरक्षित होनी चाहिए, ताकि व्रतियों को नदी तक आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने घाट पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने तथा संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने पर भी जोर दिया। साथ ही छठ पूजा समितियों और सामाजिक संगठनों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर घाटों की व्यवस्था बेहतर बनाने की अपील की।

इसके बाद जिलाधिकारी नगर पंचायत क्षेत्र के रानी घाट पहुंचीं। यहां विस्तृत क्षेत्र में फैले घाटों का निरीक्षण कर उन्होंने साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी को निर्देश दिया कि खरना से पहले सभी घाटों पर पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अंधेरे वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां अतिरिक्त लाइट लगाई जाए, ताकि सुबह और शाम अर्घ्य के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में दिक्कत न हो।

डीएम ने घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त बैरिकेडिंग कराने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश वाले सूचना पट्ट एवं बैनर लगाने को भी कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि घाटों पर भीड़ नियंत्रण, निगरानी और सुरक्षा के इंतजाम पहले से तैयार रहने चाहिए। अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराने की हिदायत दी गई।

प्रशासन की इस सक्रियता से छठ घाटों की व्यवस्था में तेजी आने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, बीडीओ मनोज पासवान, सीओ विजय प्रकाश, कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी, नगर पंचायत अध्यक्ष किरण देवी, पवनी मुखिया पूनम ओझा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।