__ बक्सर और डुमरांव के प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी, ड्रोन और निगरानी मीनार से होगी निगरानी, निजी नावों और पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध
केटी न्यूज/बक्सर।
छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। जिले के प्रमुख छठ घाटों से लेकर संपर्क मार्गों तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर रहेगी।

इसके लिए 334 स्थायी दंडाधिकारियों, 59 गश्ती दलों, 48 त्वरित कार्रवाई दलों समेत बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है। घाटों पर निगरानी मीनार, सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन के जरिए भीड़ पर नजर रखी जाएगी। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर घाटों पर निजी नावों के परिचालन और पटाखे छोड़ने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
छठ महापर्व 2026 की तैयारियों को लेकर गुरुवार को नगर भवन, बक्सर में जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की बैठक की। इसमें दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सुरक्षा और विधि-व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय और पूरी तत्परता के साथ जिम्मेदारी निभाने को कहा गया।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत सभी थानाध्यक्षों को होटल, लॉज, धर्मशाला, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों की नियमित जांच करने तथा संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। प्रमुख घाटों पर ऊंचे भवनों और टावरों पर भी पुलिस बल तैनात रहेंगे। खतरनाक घाटों की पहचान कर वहां लाल फीता लगाया जाएगा। बैरिकेडिंग मजबूत रखने के साथ उसकी सुरक्षा जांच कर प्रमाणपत्र भी देना होगा।

घाटों और संपर्क मार्गों पर भीड़ नियंत्रण के लिए दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी लगातार गश्त करेंगे। प्रमुख घाटों पर विस्फोटक एवं संदिग्ध वस्तुओं की जांच, धातु जांच यंत्र से तलाशी तथा आवश्यकता के अनुसार औचक जांच की जाएगी। घाटों पर सफाई, पेयजल, रोशनी, अस्थायी वस्त्र बदलने के कक्ष और सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंपी गई है।

आपदा से निपटने के लिए नाविकों, प्रशिक्षित गोताखोरों और बचाव दलों की तैनाती होगी। राष्ट्रीय एवं राज्य आपदा मोचन बल की उपलब्धता के साथ अस्पतालों में चौबीसों घंटे चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और दवाएं उपलब्ध रहेंगी। अग्निशमन वाहनों को भी सतर्क रखा जाएगा। बक्सर और डुमरांव के घाटों के आसपास यातायात तथा पार्किंग की विशेष व्यवस्था होगी।

अफवाहों पर रोक लगाने के लिए इंटरनेट माध्यमों और साइबर सेनानी वाट्सएप समूहों की निगरानी की जाएगी। भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई होगी। पूजा समितियों और स्वयंसेवकों के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जाएगा।

__ 334 दंडाधिकारी समेत व्यापक तैनाती
जिले में नियंत्रण कक्ष के लिए 18, स्थायी दंडाधिकारी 334, गश्ती दल 59, त्वरित कार्रवाई दल 48, घाट संपर्क मार्गों पर 37, क्षेत्रीय दंडाधिकारी 12 और सुरक्षित दंडाधिकारी 32 की तैनाती की गई है। जिला नियंत्रण कक्ष समाहरणालय स्थित आपदा शाखा में कार्यरत रहेगा। इसके लिए दूरभाष नंबर 06183-223333 जारी किया गया है
जिलाधिकारी और एसपी ने श्रद्धालुओं से निर्धारित सुरक्षित घाटों पर ही पूजा करने तथा प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पूरे पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी अपर समाहर्ता और पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के पास रहेगी।



टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।