नशे के खिलाफ बच्चों की मुहिम, चौसा की सड़कों पर गूंजा जागरूकता का संदेश

नशामुक्त समाज निर्माण की दिशा में अब स्कूली बच्चे भी सक्रिय भूमिका निभाने लगे हैं। शराबबंदी और नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रविवार को चौसा नगर पंचायत क्षेत्र में पीएमश्री आदर्श उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली।

नशे के खिलाफ बच्चों की मुहिम, चौसा की सड़कों पर गूंजा जागरूकता का संदेश

__पीएमश्री आदर्श उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने निकाली रैली, लोगों से शराब व नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील

केटी न्यूज/बक्सर :

नशामुक्त समाज निर्माण की दिशा में अब स्कूली बच्चे भी सक्रिय भूमिका निभाने लगे हैं। शराबबंदी और नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रविवार को चौसा नगर पंचायत क्षेत्र में पीएमश्री आदर्श उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से बच्चों ने लोगों को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति सचेत करते हुए स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण का संदेश दिया।राज्य सरकार के निर्देश पर पंचायत विकास दिवस एवं सहयोग शिविर के अवसर पर आयोजित यह जागरूकता अभियान विद्यालय परिसर से शुरू हुआ। हाथों में तख्तियां, बैनर और नशामुक्ति से जुड़े संदेश लिए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं रैली में शामिल हुए। बच्चों ने विभिन्न नारों के माध्यम से लोगों को शराब एवं अन्य मादक पदार्थों का सेवन नहीं करने के लिए प्रेरित किया।

रैली विद्यालय से निकलकर कृष्णापुरी, से टोला, न्यायीपुर सहित नगर क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख मार्गों से गुजरी। इस दौरान बच्चों ने लोगों से नशे की आदत छोड़ने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं के उत्साह और संदेशों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। स्थानीय लोगों ने भी बच्चों की इस पहल की सराहना करते हुए अभियान को सराहनीय कदम बताया।विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ब्रजेश कुमार ने कहा कि शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चे बदलाव के सबसे प्रभावी वाहक होते हैं। उनके माध्यम से जागरूकता का संदेश घर-घर तक आसानी से पहुंच सकता है।उन्होंने लोगों से सरकार के नशामुक्ति अभियान को सफल बनाने और युवाओं को नशे से दूर रखने में सहयोग करने की अपील की।

शिक्षकों ने भी रैली के दौरान बच्चों का उत्साह बढ़ाया और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए जागरूकता अभियान को जरूरी बताया।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली में शिक्षक अखिलेश सिंह, शैलेन्द्र कुमार, अमृता सिंह, अमृता भारती, हेमलता, पुष्पा यादव, ज्ञानप्रकाश, कृष्णा कुमार, शिविनी कुमार, राजीव कुमार, संभवती कुमारी, मो. रियाकत अली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।बच्चों की इस पहल ने यह संदेश दिया कि नशामुक्त समाज के निर्माण में केवल सरकारी प्रयास ही नहीं, बल्कि आम लोगों की सहभागिता भी जरूरी है। जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से ही एक स्वस्थ, सुरक्षित और विकसित समाज का सपना पूरा किया जा सकता है।