बक्सर में सिपाही भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 5472 अभ्यर्थियों में 2496 ने दी परीक्षा
केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के विज्ञापन संख्या-02/2026 के तहत बिहार पुलिस दूरसंचार (वितंतु) एवं तकनीकी अराजपत्रित संवर्ग में सिपाही (प्रचालक) पद पर चयन के लिए आयोजित लिखित परीक्षा रविवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न हुई।

__ कदाचार मुक्त आयोजन के लिए प्रशासन रहा मुस्तैद, एक भी परीक्षार्थी नहीं हुआ निष्कासित
केटी न्यूज/बक्सर
केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के विज्ञापन संख्या-02/2026 के तहत बिहार पुलिस दूरसंचार (वितंतु) एवं तकनीकी अराजपत्रित संवर्ग में सिपाही (प्रचालक) पद पर चयन के लिए आयोजित लिखित परीक्षा रविवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन, स्वच्छ व्यवस्था और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष तैयारियां की गई थीं।जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में आयोजित परीक्षा में कुल 5472 परीक्षार्थियों का पंजीकरण था। इनमें से 2496 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 2976 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने नहीं आई और एक भी परीक्षार्थी को निष्कासित नहीं किया गया।परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। केन्द्रों पर तैनात दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सुरक्षाकर्मियों ने लगातार निगरानी बनाए रखी। प्रवेश के समय अभ्यर्थियों की जांच की गई और परीक्षा कक्षों में भी अनुशासन एवं नियमों का सख्ती से पालन कराया गया।जिला प्रशासन द्वारा गठित नियंत्रण कक्ष से सभी परीक्षा केन्द्रों की लगातार मॉनिटरिंग की गई। केन्द्राधीक्षकों से समय-समय पर परीक्षा संचालन से संबंधित जानकारी ली जाती रही। अधिकारियों ने बताया कि सभी परीक्षा केन्द्रों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में आयोजित हुई।

प्रशासन की सख्ती और बेहतर प्रबंधन के कारण परीक्षा के दौरान किसी भी केन्द्र से हंगामा, कदाचार या अन्य किसी प्रकार की समस्या की सूचना नहीं मिली। परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने भी केन्द्रों पर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्था को संतोषजनक बताया।सिपाही (प्रचालक) पद के लिए आयोजित इस परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखा गया। सुबह से ही विभिन्न परीक्षा केन्द्रों के बाहर परीक्षार्थियों की भीड़ जुटने लगी थी। प्रशासन ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक इंतजाम किए थे, जिससे परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सकी।

