पंचायतों में चला बदलाव का अभियान, नशामुक्ति और महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश

राज्य सरकार के निर्देश पर रविवार को चौसा प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पंचायत स्तर पर विकास, सामाजिक सुधार और जनभागीदारी से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में नशामुक्त समाज के निर्माण, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।

पंचायतों में चला बदलाव का अभियान, नशामुक्ति और महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश

__ पंचायत विकास दिवस पर ग्रामीणों को जागरूक करने की पहल, ‘मन की बात’ के जरिए आत्मनिर्भरता और सामाजिक सुधार पर हुई चर्चा

केटी न्यूज/चौसा:

राज्य सरकार के निर्देश पर रविवार को चौसा प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पंचायत स्तर पर विकास, सामाजिक सुधार और जनभागीदारी से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में नशामुक्त समाज के निर्माण, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।पंचायत विकास दिवस के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का प्रसारण भी ग्रामीणों को सुनाया गया। हालांकि कई पंचायतों में तकनीकी समस्या के कारण ऑनलाइन स्क्रीन के माध्यम से प्रसारण नहीं हो सका।इसके बाद प्रतिनियुक्त अधिकारियों और कर्मियों ने मोबाइल फोन के जरिए ग्रामीणों को कार्यक्रम से जोड़ा और संदेशों को लोगों तक पहुंचाया।

इस दौरान बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून को सफल बनाने को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। जीविका, समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण, सूचना एवं जनसंपर्क, कला-संस्कृति एवं युवा, शिक्षा तथा पंचायती राज विभाग के संयुक्त प्रयास से ग्रामीणों को शराब और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी गई।अधिकारियों ने बताया कि नशे की वजह से परिवारों में विवाद, आर्थिक संकट, स्वास्थ्य समस्याएं और सामाजिक वातावरण पर नकारात्मक असर पड़ता है। लोगों से अपील की गई कि वे नशे से दूर रहकर स्वस्थ और बेहतर समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण पर भी विशेष जोर दिया गया। महिलाओं की सामाजिक भागीदारी बढ़ाने, उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और पंचायतों के विकास में उनकी सक्रिय भूमिका को लेकर चर्चा की गई। वहीं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी लोगों को जागरूक किया गया।प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज पासवान ने बताया कि पंचायत विकास दिवस के तहत ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा। नशामुक्ति, महिला उत्थान और सामाजिक बदलाव के माध्यम से सशक्त समाज निर्माण का लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है।