गर्मी की छुट्टियों में सीखने की नई पाठशाला, डुमरांव में कमजोर बच्चों के लिए विशेष शैक्षणिक अभियान शुरू

गर्मी की छुट्टियों के दौरान बच्चों की शैक्षणिक प्रगति को गति देने और कमजोर विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कन्या मध्य विद्यालय, डुमरांव में विशेष समर लर्निंग कैंप की शुरुआत की गई।

गर्मी की छुट्टियों में सीखने की नई पाठशाला, डुमरांव में कमजोर बच्चों के लिए विशेष शैक्षणिक अभियान शुरू

केटी न्यूज/डुमरांव

गर्मी की छुट्टियों के दौरान बच्चों की शैक्षणिक प्रगति को गति देने और कमजोर विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कन्या मध्य विद्यालय, डुमरांव में विशेष समर लर्निंग कैंप की शुरुआत की गई। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुधांशु कुमार ने कैंप का उद्घाटन करते हुए इसे शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।समर कैंप का आयोजन विशेष रूप से कक्षा पांच एवं छह के उन विद्यार्थियों के लिए किया गया है, जिन्हें भाषा, गणित और सामान्य अध्ययन जैसे विषयों में अतिरिक्त सहयोग की आवश्यकता है।

कैंप के माध्यम से बच्चों को रोचक गतिविधियों, खेल-आधारित शिक्षण और सरल पद्धतियों से पढ़ाया जाएगा, ताकि उनमें सीखने के प्रति रुचि और आत्मविश्वास विकसित हो सके।उद्घाटन समारोह में केआरपी निर्मला कुमारी, शिक्षा सेवक मो. अलाउद्दीन, इशरत खातून, नसीम अंसारी, निशात तथा आफजा बेगम सहित विद्यालय के शिक्षक एवं सहयोगी उपस्थित रहे। सभी ने इस अभियान को सफल बनाने और अधिक से अधिक बच्चों तक इसका लाभ पहुंचाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुधांशु कुमार ने कहा कि विद्यालयों में आयोजित ऐसे विशेष शैक्षणिक शिविर बच्चों को अपनी कमजोरियों को पहचानने और उन्हें दूर करने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने शिक्षकों से बच्चों के साथ संवादात्मक और रचनात्मक तरीके से कार्य करने की अपील की, ताकि सीखने की प्रक्रिया बच्चों के लिए आनंददायक बन सके।उन्होंने कहा कि समर कैंप केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व विकास, तार्किक सोच और आत्मविश्वास बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। शिक्षकों का मानना है कि यह पहल न केवल बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धि में सुधार लाएगी, बल्कि उन्हें आगामी कक्षाओं की चुनौतियों के लिए भी बेहतर ढंग से तैयार करेगी।